नई दिल्ली। माैजूदा समय युवा खिलाड़ियों का ज्दादातर ध्यान वनडे और टी20 क्रिकेट की ओर जाता है। इसका कारण है कई देशों में टी20 लीग का शुरू हो जाना। इस कारण कई क्रिकेटरों को टेस्ट फाॅर्मेट के भविष्य की भी चिंता सताई रहती है। आए दिन कई पूर्व दिग्गज युवाओं से अपील करते हैं कि वो टेस्ट क्रिकेट को अपनाएं जहां खिलाड़ी की 'क्लास बैटिंग' का पता चलता है। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली टेस्ट खेलना बेहद पसंद करते हैं, लेकिन कोरोना वायरस के कारण वह मैदान से दूर हैं। ऐसे में अब घर बैठे कोहली को टेस्ट क्रिकेट की याद सता रही है।
कोहली ने अपने ट्विटर अकाउंट पर अपनी एक तस्वीर शेयर की और बताया कि वो कितने खुशनसीब हैं जो भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेले। कोहली ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'सफेद जर्सी में एक कड़ा मुकाबला खेलने से बेहतर कुछ नहीं है। मैं किस्मत वाला हूं कि भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेल पाया।' कोहली का टेस्ट में बताैर कप्तान अच्छा रिकाॅर्ड रहा है। कोहली ने 55 टेस्ट में भारत की कप्तानी की है जिसमें टीम ने 33 मैचों में जीत दर्ज की जबकि 12 में उसे हार का सामना करना पड़ा। यही नहीं, कोहली की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर भी तक सीरीज जीतने का गाैरव भी हासिल किया है।
बता दें कि भारत की तरफ से कोहली ने अब तक 86 टेस्ट 53.62 की औसत से 7240 रन बनाए हैं जिसमें 27 शतक और 22 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने इसके अलावा 248 वनडे मैचों में 43 शतक और 58 अर्धशतक की मदद से 11,867 रन जड़ दिए हैं ,जबकि 82 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनके नाम पर 2,794 रन दर्ज हैं। कोरोना वायरस महामारी के कारण दुनिया भर में कई टूर्नामेंट ठप्प पड़ गए हैं और भारत को भी अपना अगला टेस्ट दिसंबर से पहले नहीं खेलना है, जब टीम 4 टेस्ट की सीरीज के लिए आस्ट्रेलिया का दौरा करेगी।