मुंबई। कप्तान विराट कोहली की अगुवाई में टीम इंडिया वेस्टइंडीज दौरे के लिए रवाना हो गयी है। वेस्टइंडीज दौरे पर भारत चार टेस्ट मैच खेलेगा। इस दौरे पर 17 सदस्यीय दल वेस्टइंडीज के लिए रवाना हुआ है जिसमें मुख्य कोच अनिल कुंबले के अलावा सपोर्ट स्टाफ भी शामिल है। मुख्य कोच अनिल कुंबले का बतौर कोच यह पहला दौरा है। कुंबले को 23 जून को भारतीय टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था।
पढ़ें- हरभजन से सीखा है कोहली ने गुस्सा करना?
बीसीसीआई के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से टीम इंडिया के खिलाड़ियों का एयरपोर्ट के लिए रवाना होने का वीडियो भी साझा किया गया है। जिसमें लिखा गया है कि यात्रा शुरु होती है।
भारतीय टीम ने बेंगलुरू में काफी अहम प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया। नेशनल क्रिकेट अकादमी में में हुए इस कैंप में टीम के खिलाड़ियों को कोच अनिल कुंबले ने अहम टिप्स भी दिये। भारत का यह प्रैक्टिस सेशन 4 जुलाई को खत्म हुआ था। 9 जुलाई से भारत की टीम दो वार्म अप गेम खेलेगी।
इससे पहले आखिरी बार टीम इंडिया ने 2011 में वेस्टइंडीज का दौरा किया था जिसमें भारत को 1-0 से जीत मिली थी। भारत का पहला मैच 21 जुलाई को एंटीगुआ में है।
टीम इंडिया: विराट कोहली(कप्तान), अजिंक्या रहाणे, मुरली विजय, शिखर धवन, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, रोहित शर्मा, रिद्धिमान साहा, आर अश्विन, अमित मिश्रा, रवींद्र जडेजा, इशांत शर्मा, मोहम्मद शामी, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, शारदुल ठाकुर, स्टुअर्ट बिन्नी।