नई दिल्ली। चैंपियंस ट्रॉफी 2017 में रविवार को टीम इंडिया का मुकाबला चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से है। टीम इंडिया ने इस मैच को लेकर जोरदार तैयारी की है। मैच से ठीक एक दिन पहले भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने टीम की तैयारियों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उनसे जब टीम इंडिया के कोच अनिल कुंबले से उनके विवाद की खबरों को लेकर सवाल किया गया तो विराट कोहली ने इसका करारा जवाब दिया है। आखिर क्या कहा उन्होंने पढ़िए आगे...
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने भारतीय टीम के कोच अनिल कुंबले से विवादों की खबरों को सिरे से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि ये बेहद चौंकाने वाला है कि लोग केवल अनुमान लगा रहे हैं जिसमें कोई भी सच्चाई नहीं है। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने कहा कि टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के लिए आई है। हमारा पूरा जोर जीत पर है। उन्होंने कहा कि कोच के चुनाव की ये प्रक्रिया है जो पिछली बार भी हुई थी और करीब 12 महीने बाद होती है, तब इस तरह के कोई विवाद या फिर कयास नहीं लगाए गए थे फिर इस बार ऐसा क्यों हो रहा है?
विराट कोहली ने आगे कहा कि हमारे बीच कोई विवाद नहीं है और टीम का पूरा जोर चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने पर है। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग बड़े टूर्नामेंट से पहले अफवाहें फैलाने की कोशिश करते हैं, लेकिन हम केवल चैंपियंस ट्रॉफी पर फोकस कर रहे हैं। विराट कोहली से जब टीम के चुनाव को लेकर और गेंदबाजों के चुनाव को लेकर सवाल किया गया तो कोहली ने कहा कि इस संदर्भ में मैं लगातार इस बारे में सोच रहा हूं। हालांकि अभी तक मैं तय नहीं कर सका हूं कि टीम में किसे खिलाया जाएगा। दो तेज गेंदबाज टीम में जो खेलेंगे वो कौन होंगे, ये सब अभी तय नहीं है। मैच से पहले इस पर फैसला ले लिया जाएगा।