नई दिल्ली। भारीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड दौरे के लिए पहुंच चुकी है। आईपीएल के बाद टीम इंडिया पहली बार किसी सीमित ओवर फॉर्मट को खेलने जा रही है। हालांकि काफी चर्चाओं के बाद इंग्लैंड पहुंची टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को लेकर पूर्व दिग्गज भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने चौंकाने वाला बयान दिया है।
दरअसल पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का मानना है इस बार इंग्लैंड दौरे की तैयारी कर रहे टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली कुछ घबराहट में थे। गांगुली को लगता है कि 4 साल पहले विराट इंग्लैंड में फ्लॉप हुए थे और इसे लेकर वह चिंतित थे और इसी लिए इस दौरे की तैयारी को लेकर वह इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलना चाहते थे। लेकिन उन्हें इस बात की खुशी है कि यह स्टार खिलाड़ी काउंटी में नहीं खेला।
गांगुली ने कहा, 'कोहली एक शानदार खिलाड़ी है। वह इस बार अच्छा करेगा। मैं खुश हूं कि इंग्लैंड सीरीज से पहले उसने काउंटी क्रिकेट नहीं खेला। मुझे लगता है कि वह काउंटी क्रिकेट खेलने को लेकर काफी आतुर था। पिछले दौरे पर अच्छा प्रदर्शन नहीं होने इस बार अच्छा करने को लेकर वह बेताब था। वह इतना अच्छा खिलाड़ी है कि इस बार शानदार प्रदर्शन करेगा।'
गौरतलब है कि कोहली ने इस सीजन के लिए सरे की टीम से काउंटी खेलने के लिए करार किया था, लेकिन उनकी गर्दन चोटिल होने के कारण उन्हें काउंटी से अपना नाम वापस लेना पड़ा। इस सप्ताह इंग्लैंड रवाना हुए भारतीय कप्तान ने इंग्लैंड रवाना होने से पहले इस बारे में कहा कि एक तरह से यह अच्छा ही रहा कि वह काउंटी में नहीं खेले, जिससे उन्हें खेल से ब्रेक मिला और इस ब्रेक के कारण वह एक बार फिर तरोताजा महसूस कर रहे हैं।
भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के अलावा इतने ही मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी और अंत में 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।