
पोटिंग ने जो 17 साल में किया, कोहली ने नौ साल में कर दिखाया
टीम इंडिया के रॉकस्टार बल्लेबाज विराट ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर रिकी पोंटिंग के वनडे में 30 शतक बनाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। आंकड़ों के लिहाज से अब सिर्फ टीम इंडिया के भगवान यानी सचिन तेंदुलकर ही उनसे आगे दिख रहे हैं जो 49 ODI शतक के साथ सूची में शीर्ष पर विराजमान हैं। लेकिन जिस तेजी से विराट रन बना रहे हैं अगर उनका फॉर्म बरकरार रहा तो वह जल्द ही दुनिया में सबसे अधिक शतक लगाने वाले खिलाड़ी भी बन सकते हैं। पोंटिंग को जितने शतक बनाने के लिए 17 साल लगे विराट ने उतने शतक तो महज 9 साल में बना लिए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के पंटर ने यह कारनामा 375 ODI में 365 पारियों में किया था जबकि 2008 में अपने ODI करियर की शुरुआत करने वाले विराट ने महज 194 मैच की 186 पारियों में ही पोंटिंग की बराबरी कर ली है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विराट के आंकड़ें ही उनके होने की पूरी कहानी है लेकिन कमजोर दिख रही श्रीलंकाई गेंदबाजी के खिलाफ यह उनका सबसे कम चुनौतियों वाला शतक था। किसी भी टीम के खिलाफ रन चेस करते हुए यह उनका 19वां शतक था।

विराट के 30 शतक में 26 में भारत जीता
विराट कोहली के बल्ले से हो रहे करिश्मे की हर तरफ चर्चा है। लेकिन एक आंकड़ा जिस पर कम ही लोगों की नजर पड़ी है। विराट कोहली के वनडे में जमाए 30 शतकों में से भारत ने 26 मैचों में जीत दर्ज की है। यानि विराट के शतक टीम इंडिया के लिए जीत की गारंटी है। विराट कोहली ने वनडे में पहला शतक ईडन गार्डन पर 24 दिसंबर 2009 में जमाया था। आठ साल बाद कोहली के खाते में 30 शतक हैं। कोहली की शतकीय पारी में भारत को केवल चार बार हार का सामना करना पड़ा है, जिसमें से दो मुकाबले मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ उसकी धरती पर खेले गए थे। भारत की धरती पर कोहली ने 12 शतक जमाए और किसी भी मुकाबले में भारतीय टीम को हार का सामना नहीं करना पड़ा।
विराट कोहली ने 18 अगस्त 2008 को श्रीलंका के खिलाफ ही दाम्बुला में अपना डेब्यू मैच खेला था जिसमें उन्होंने 22 गेंदों पर एक चौके की मदद से महज 12 रन बनाए थे और श्रीलंका वो मैच जीत गई थी। टीम इंडिया 46 ओवर में महज 146 रन ही बना पाई थी और जवाब में श्रीलंकाई टीम ने 91 गेंदे शेष रहते हुए यह मैच 8 विकेट से जीत लिया था पिछले 9 साल में विराट ने सिर्फ श्रीलंका के खिलाफ 30 में से 8 शतक लगाए हैं और भारत को किसी भी मैच में हार का सामना नहीं करना पड़ा।सचिन तेंदुलकर ने भी श्रीलंका के खिलाफ कुल 8 शतक लगाए हैं। श्रीलंका के खिलाफ कोहली के अधिकांश शतक रनचेस में आए हैं। उन्होंने इस साल खेले अपने 18 एकदिवसीय मैचों में कैलेंडर ईयर में 1000 रन भी पूरे कर लिए हैं।

कोहली के शतक के बावजूद टीम को मिली हार
ऐसा कम ही हुआ है जब कोहली के शतक के बावजूद टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा हो। 16 सितंबर 2011 को कार्डिफ में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए वनडे में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 306 रन बनाए। कोहली ने 93 गेंदों में 9 चौकों और एक छक्के की मदद से 107 रनों की पारी खेली थी. बारिश की वजह से डकवर्थ लुईस पद्धति से इंग्लैंड को जीत के लिए 34 ओवर में 241 रन का रिवाइज टारगेट मिला था, जिसे मेजबान टीम ने आठ गेंद शेष रहते हुए चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।
कोहली के शतक के बावजूद भारतीय टीम को दूसरी बार न्यूजीलैंड के खिलाफ नेपियर वनडे में हार का सामना करना पड़ा। न्यूजीलैंड ने सात विकेट पर 292 रन बनाए। जवाब में कोहली की 111 गेंदों पर 123 पर की पारी मैच विनिंग साबित नहीं हुई। धोनी (40) को छोड़ कोई बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिका, जिसके चलते भारतीय टीम 48.4 ओवर में 268 रन पर ढेर हो गई।

जब मेलबर्न में मिली हार
मेलबर्न में 17 जनवरी 2016 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए वनडे में कोहली का शतक तीसरी बार भारतीय टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहा। टीम इंडिया में रनमशीन और न जाने कितने पर्याय से मशहूर हुए कोहली को भी शतक के बाद हार का सामना करना पड़ा है. पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए एक दिलचस्प मुकाबले में विराट के शतक के बावजूद टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था।17 जनवरी 2016 को खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने विराट के117 गेंदों में बनाए 117 रनों की बदौलत 295/6 (50) रन बनाए थे लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने 7 गेंदें शेष रहते ही जीत हासिल कर ली थी।
मेलबर्न में शतक के तीन दिन बाद 20 जनवरी 2016 कंगारू टीम के खिलाफ कैनबरा वनडे में विराट कोहली ने फिर शतक ठोक दिया, लेकिन वह भी विजयी शतक साबित नहीं हुआ। भारतीय टीम यह मुकाबला 25 रन से हार गई। टीम इंडिया के इस स्टार बल्लेबाज ने 30 में से 26 शतक जीत के लिए ठोका है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि विराट को विराट ही रहने दिया जाता है या फिर इनकी तुलना सचिन से कर किस खिलाड़ी को सर्वश्रेष्ठ बनाने की होड़ लगती है।


Click it and Unblock the Notifications
