नई दिल्ली। पिछले कई दिनों से फॉर्म को लेकर जूझ रहे विराट कोहली ने जबरदस्त वापसी की है। कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार शतक जमाकर आइसीसी की रैंकिंग में दूसरा स्थान बनाया है। जबरदस्त फॉर्म में चल रहे स्विंग गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार अपनी बेहतरीन गेंदबाजी के लिए पहली बार आइसीसी की टॉप टेन लिस्ट में पहुंचने में कामयाब हुए हैं।
विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला के आखिरी मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 127 रन समेत कुल 191 रन अपने रिकार्ड में जोड़े। भारत ने यह सीरीज 2-1 से जीती है। आपको बता दें कि कोहली ने रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला को तीसरे नंबर पर धकेला है जबकि शीर्ष पर दक्षिण अफ्रीका के ही एबी डिविलियर्स बने हुए हैं।
उधर भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी रैंकिंग में छठे नंबर पर बने हुए हैं वहीं शिखर धवन एक पायदान खिसककर आठवें स्थान पर पहुँच चुके है। जबकि सुरेश रैना तीन पायदान चढ़कर 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इस शृंखला में सबसे ज्यादा दस विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी 16वें स्थान पर पहुँच गए है।