नई दिल्ली। राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू(Royal Challengers Bangalore) को आईपीएल(IPL) सीजन-12 में लगातार पांचवी हार मिल चुकी है। अब उनके लिए प्लेऑफ में पहुंचने के लिए मुश्किलें बढ़ चुकी हैं। सीजन के 17वें मुकाबलें में आरसीबी को कोलकाता नाईट राइडर्स(Kolkata Night Riders) के हाथों अपने घरेलू मैदान पर ही हार का सामना करना पड़ा। आरसीबी(RCB) ने 206 रनों का लक्ष्य दिया था लेकिन आंद्रे रसेल(Andre Russell) के तूफान से कोलकाता ने इसे 5 गेंदें रहते हासिल कर लिया। रसेल ने 13 गेदों में नाबाद 48 रनों की पारी खेली। हार से निराश विराट कोहली(VIrat Kohli) ने अब टीम के खिलाड़ियों से भी उम्मीदें छोड़ दी हैं।
मैच के बाद कोहली ने कहा कि यह हार सहन करने के लायक नहीं है। हमने आखिरी चार ओवरों में मैच गंवा दिया। हमें और अधिक चतुर होने की आवश्यकता थी, लेकिन हम दवाब में आ गए। इस सीजन में अब तक यही हमारी कहानी रही है। कोहली ने गेंदबाजों से निराश होकर कहा कि यदि आप महत्वपूर्ण ओवरों में पर्याप्त बहादुरी के साथ गेंदबाजी नहीं करते हैं, तो रसेल जैसे पावर-हिटर के खिलाफ हमेशा मुश्किल होने वाला है। मैं वास्तव में अपना विकेट गंवाने से खुश नहीं था। मैं 20-25 रन और बना सकता था। एबी को अंत में ज्यादा स्ट्राइक नहीं मिली। मुझे लगा कि रन बोर्ड पर पर्याप्त थे, हमारे पास पर्याप्त कंपोजिंग नहीं थी।
कोहली ने कहा कि यदि आप अंतिम चार ओवरों में 75 का बचाव नहीं कर सकते हैं, तो मुझे नहीं लगता कि 100 रन भी हम बचा सकते हैं। हमसे गलत क्या हुआ, इसके बारे में थोड़ी बात कर सकते हैं, इसके अलावा आप ज्यादा कुछ नहीं कह सकते। मुझे नहीं लगता कि हर समय बात करना काफी मदद करता है। आपको खिलाड़ियों को कुछ स्पेस देना होगा, जिससे वो वापसी कर सकें। अभी तक हमारे लिए सीजन बहुत निराशाजनक रहा है, लेकिन हमें अभी भी उम्मीद है कि हम वापसी करेंगे। हम लोगों को बस खुद पर भरोसा रखना होगा कि हम चीजों को बदल सकते हैं।'