For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts
 

विश्व कप जीतकर इंग्लैंड में अधनंगे घूमेंगे कोहली: गांगुली

By Bbc Hindi

पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली ने कहा है कि अगर टीम इंडिया अगले साल इंग्लैंड में होने वाला विश्व कप जीत गई तो कप्तान विराट कोहली ऑक्सफोर्ड स्ट्रीट पर कमीज़ उतारकर घूमेंगे.

ख़ुद सौरव गांगुली का ऐसा एक वाक़या भारतीय क्रिकेट में आक्रामकता के एक ऐतिहासिक अध्याय के दौर पर दर्ज है. 16 साल पहले साल 2002 में जब भारतीय टीम ने लॉर्ड्स के मैदान पर लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच और नेटवेस्ट सिरीज़ अपने नाम की थी तो ड्रेसिंग रूम मे बैठे कप्तान सौरव गांगुली ने जश्न मनाते हुए अपनी कमीज़ उतारकर लहरा दी थी.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गांगुली ने कहा, "मैं गारंटी दे सकता हूं अगर वो (कोहली) 2019 में लॉर्ड्स के मैदान पर विश्व कप फाइनल जीत जाते हैं तो हमें अपने कैमरे तैयार रखने चाहिए, क्योंकि उनके पास सिक्स पैक्स हैं. मैं हैरान नहीं होऊंगा अगर वह ऑक्सफोर्ड स्ट्रीट पर ट्रॉफी लेकर बिना कमीज़ के घूमें."

उन्होंने कहा, "और मैं आपको ये भी बता सकता हूं कि उनके साथ कौन होगा- हार्दिक पंड्या."

कोहली ने भरी हामी

कोहली ने इस पर जवाब देते हुए कहा, "120 फीसदी."

भारतीय क्रिकेट कप्तान ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि ऐसा मैं सिर्फ़ अकेले करूंगा क्योंकि टीम में कई लोगों के पास सिक्स पैक्स हैं. हम कमीज़ उतारकर घूमेंगे. हार्दिक पंड्या हैं, बुमराह भी हैं. हमारे पास कुछ उम्मीदवार हैं."

गांगुली और कोहली शनिवार को कोलकाता के एक बुक लॉन्च इवेंट में साथ मौजूद थे. इसी दौरान ये बातें हुईं.

गांगुली ने 16 साल पहले नेटवेस्ट सिरीज़ के दौरान ख़ुद कमीज़ उतारने की घटना को भी याद किया. उन्होंने कहा, "लॉर्ड्स के मैदान पर हुई सबसे अच्छी चीज़ ये थी कि जब मैं कमीज़ उतार रहा था तो लक्ष्मण उसे नीचे खींच रहे थे. तब मेरे बगल में खड़े हरभजन ने पूछा कि उन्हें क्या करना चाहिए? मैंने कहा कि तुम भी निकाल दो."

'मैं तो उदास होकर सो गया था'

कोहली उस वक़्त 13 साल के थे. समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक उन्होंने इस घटना को याद करते हुए कहा, "भारत के खेल की अच्छी शुरुआत हुई थी. दादा और वीरू ने अच्छे रन जुटाए थे. मुझे लगा कि हम मैच जीत रहे हैं, क्योंकि उन दिनों वे लक्ष्य बहुत मुश्किल हुआ करते थे, ख़ास तौर से इंग्लैंड में, इंग्लैंड के ख़िलाफ फाइनल जैसी स्थिति में. लेकिन जब 150 रनों पर 5 विकेट गिर गए तो मैं सो गया क्योंकि मैं बहुत उदास हो गया था."

उन्होंने कहा कि जब उन्हें पता चला कि भारत जीत गया है तो यह एक सपने जैसा था.

कप्तान कोहली ने गांगुली के कमीज़ लहराने की घटना पर कहा, "जब मैंने वो होते हुए देखा... मुझे लगता है कि लोगों के लिए यह समझना ज़रा मुश्किल है लेकिन ये चीज़ें बहुत ही स्वाभाविक होती हैं. इतनी असली कि आप बिना यह सोचे हुए यह करते हैं कि लोग मेरे बारे में क्या सोचेंगे."

उन्होंने कहा, "यह लॉर्ड्स की बालकनी थी लेकिन यह दुनिया में कहीं भी हो सकता था. यह खरी खरी ख़ुशी थी जो कोई चीज़ हासिल करने के बाद आ रही थी. इसी तरह मैं ख़ुद को अभिव्यक्त करना चाहता हूं. मुझे कभी नहीं लगा कि इसमें कुछ ग़लत है क्योंकि तब असली इंसानी भावनाएं बाहर आ रही होती हैं."

गांगुली सरीखी आक्रामकता के लिए मशहूर विराट कोहली ने कहा कि कोई खिलाड़ी रोबोट नहीं हो सकता जो हर वक़्त यह सोचे कि लोग उसके बारे में क्या सोचेंगे.

'ऑस्ट्रेलिया में किसी को ऐसे खेलते नहीं देखा'

गांगुली ने कहा कि टीम कोहली अगले साल होने वाला विश्व कप जीतने की क्षमता रखती है.

उन्होंने कहा, "बेशक वो ये कर सकते हैं. पिछले साल उन्होंने चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला. अभी ज़्यादा आगे बात नहीं करते हैं. उन्हें शुभकामनाएं. उनके पास कुछ शानदार प्रतिभाएं हैं. उम्मीद है कि वे लोग वहां होंगे. हम उन्हें जीतते देखना चाहते हैं और फिर वे जैसा जश्न चाहें, मनाएं."

कोहली की प्रशंसा करते हुए गांगुली ने कहा कि मौजूदा कप्तान ने 2014 के बुरे इंग्लैड दौरे के बाद ख़ुद को बहुत बदला.

उन्होंने कहा, "उनमें आए बदलाव को देखिए. इंग्लैंड में वह संघर्ष कर रहे थे और छह महीने से भी कम समय बाद उन्होंने चार टेस्ट में चार शतक मारे. मैंने ऑस्ट्रेलिया में किसी और भारतीय क्रिकेटर को ऐसे खेलते नहीं देखा."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉयड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

Story first published: Sunday, April 8, 2018, 17:08 [IST]
Other articles published on Apr 8, 2018
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+