मुंबई, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की सबसे महंगी टीम मुंबई इंडियंस ने अपना शर्मनाक प्रदर्शन जारी रखा है। ट्वेंटी 20 मैचों की श्रृंखला में उसे लगातार चौथी बार करारी शिकस्त मिली है।
मुंबई स्थित नई नवेली डी.वाई. पाटिल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में खेले जा रहे मैच में डेक्कन चार्जर्स ने मुंबई इंडियंस को दस विकेट से हरा दिया।
जीत के लिए 155 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए डेक्कन चार्जर्स ने 13 वें ओवर में ही बिना विकेट गंवाए मैच जीत ली। आईपीएल में डेक्कन चार्जर्स की यह पहली और शानदार जीत है।
मुंबई चार्जर्स की ओर से एडम गिलक्रिस्ट ने धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने केवल 42 गेंदों में शतक बनाए। कुल 109 रनों की अपनी पारी में गिलक्रिट 9 चौके और 10 छक्के लगाकर नाबाद रहे।
कप्तान वीवीएस लक्ष्मण ने भी पहली बार अच्छी पारी खेली। वह 36 रन बनाकर नाबाद रहे।
उधर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 154 रनों का स्कोर खड़ा किया था।
इससे पहले डेक्कन चार्जर्स के कप्तान वीवीएस लक्ष्मण ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया था। सचिन तेंदुलकर और हरभजन सिंह की गैर मौजूदगी में शॉन पोलक ने टीम की कमान संभाल रखी थी।
सचिन तेंदुलकर घायल हैं जबकि श्रीसंत के साथ झड़प के बाद हरभजन सिंह के आईपीएल में खेलने पर फिलहाल रोक लगी हुई है।
इस मैच में मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहला विकेट केवल 15 रन पर गिर गया। ल्यूक रॉन्की 13 रन ही बना पाए। सनथ जयसूर्या ने भी केवल 18 रन बनाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।