नई दिल्ली। पूर्व भारतीय धुरंधर बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भारतीय कप्तान विराट कोहली को लेकर बड़ा बयान दिया है। दरअसल वीरेंद्र सहवाग ने कहा है कि विराट कोहली से कप्तानी लेकर हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा को कप्तानी दे दी जानी चाहिए। जी हां, दरअसल सहवाग ने ऐसा कोहली के खेल या प्रदर्शन को लेकर नहीं कहा है बल्कि कोहली को आराम देने के लिए कहा है।
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान ने एक निजी चैनल से बातचीत करते हुए कहा है कि चयनकर्ताओं को विराट कोहली को आराम देकर रोहित शर्मा को कप्तान बना देना चाहिए। दरअसल वीरेंद्र सहवाग ने विराट कोहली के जरूरत से ज्यादा क्रिकेट वाले बयान का समर्थन किया और कहा कि दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले टीम इंडिया के अहम खिलाड़ियों को थोड़ा आराम मिलना चाहिए था।
सहवाग ने कहा कि विराट कोहली को श्रीलंका सीरीज से तुरंत आराम देना चाहिए और उन्हें परिवार के साथ कुछ वक्त बिताने देना चाहिए। विराट की गैरमौजूदगी में रोहित शर्मा को कप्तान बनाना चाहिए।
सहवाग ने धोनी और गंभीर का उदाहरण देते हुए कहा कि धोनी ने भी आराम के लिए गौतम गंभीर को कप्तानी सौंपी थी और टीम इंडिया उनकी कप्तानी में एक भी मैच नहीं हारी। बता दें कि सहवाग ने विराट के उस बयान का समर्थन किया है जिसमें उन्होंने कहा था कि हमें विदेशी दौरे के लिए केवल 2 दिन का समय मिला है। नागपुर टेस्ट से पहले कोहली ने बयान दिया था कि टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका दौरे की अच्छी तैयारी के लिए पूरा वक्त नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा था कि टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए एक कैंप लगाना चाहिए था और उनकी टीम श्रीलंका से सीरीज खेल रही है।
बता दें कि सहवाग के अलावा विराट कोहली को सौरव गांगुली का भी समर्थन मिला है। गांगुली ने कहा कि बड़े दौरों से पहले तैयारी का समय मिलना जरूरी है। गांगुली ने कहा कि जब आपको दक्षिण अफ्रीका जैसे दौरे पर जाना होता है तो ये जरूरी होता है कि आपको तैयारी करने का सही मौका मिले।