धर्मशाला। हिमाचल के वीरेंद्र शर्मा बीसीसीआई (BCCI) की ओर से आईसीसी अंपायर्स पैनल के लिए लिए चुने गए हैं। हमीरपुर जिले के गांव पुरली कक्कड़ में जन्मे 48 वर्षीय वीरेंद्र शर्मा यह उपलब्धि पाने वाले हिमाचल के चाैथे अंपायर बने। उनसे पहले शमशुद्दीन, अनिल चौधरी व नितिन मेनन आईसीसी अंपायर्स पैनल के लिए हैं। वीरेंद्र ने इस सम्मान को पाने के बाद बीसीसीआई के अध्यक्ष रह चुके अनुराग ठाकुर का शुक्रिया किया है।
वीरेंद्र ने आईसीसी अंपायर्स पैनल में चयनित होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अनुराग उनके क्रिकेटिंग करियर में हमेशा मार्गदर्शक के रूप में बने रहेंगे। उन्होंने कहा, ''मैं बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल, जिला हमीरपुर के अध्यक्ष प्रेम ठाकुर, एचपीसीए प्रबंधन व बीसीसीआई प्रबंधन का अपने इस चयन पर विशेष आभार व्यक्त करता हूं।'' वीरेंद्र के पास लगभ 75 प्रथम श्रेणी मैचों में अंपायरिंग करने का अनुभव है। इसके साथ ही वर्ष 2015 से आईपीएल में भी लगभग 30 मैचों में बतौर ऑन फील्ड व थर्ड अंपायर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने साल 2007 में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन(एचपीसीए) के प्रदेश स्तरीय अंपायर पैनल में पर्दापण किया। अब उन्हें 12 साल बाद इंटरनेशनल मैच में अंपायरिंग करने का माैका मिला है।
वीरेंद्र अब श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टी20 व आस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में अंपायरिंग करने की जिम्मेदारी आईसीसी से मिल चुकी है। वीरेंद्र ने अपना क्रिकेट करियर हमीरपुर जिला से बतौर अंडर-17 खिलाड़ी के रूप में शुरू किया था। वह 2001 से 2003 तक हिमाचल की रणजी टीम के कप्तान भी रहे। वीरेंद्र ने 50 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 2 शतक के साथ 1899 रन बनाए हैं।