नई दिल्ली। टी-20 विश्वकप में पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के बाद आलोचनाओं का सामना कर रहे पाकिस्तान टीम के मुख्य कोच वकार युनूस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वकार युनूस ने इस्तीफा देते समय कहा कि उनके प्रस्तावों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वकप 2015 के बाद मेरे किसी भी सुझाव को नहीं माना गया।
Video: पाकिस्तान में अफरीदी को फटकार, कोहली को मिला प्यार
वकार से पहले टीम के कप्तान शाहिद अफरीदी ने कप्तानी के पद से इस्तीफा दिया था। टी-20 विश्वकप में पाकिस्तान सिर्फ एक मैच जीत सका था जबकि बाकी के तीन मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा था। वकार युनूस को दो साल पहले टीम के कोच की भूमिका सौंपी गयी थी। वकार के कार्यकाल में अभी भी तीन महीने का समय बाकी था।
वकार का आरोप है कि टीम सेलेक्शन में उन्हें हिस्सा नहीं बनाया गया। वकार ने शाहिद अफरीदी की कप्तानी पर भी सवाल उठाया था। वकार ने कहा कि हम न्यूजीलैंड से हारे, यही नहीं एशिया कप और टी-20 विश्वकप में हारे और इन सब की अहम वजह अफरीदी की कप्तानी रही है। अफरीदी ना तो बल्ले, ना ही गेंद और ना ही कप्तानी से अपना कोई योगदान दे सके।