भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव एन. श्रीनिवासन ने बताया कि चेन्नई पहुंचने के बाद डिक्सन ने पुलिस मुख्यालय जाकर सबसे पहले शहर के पुलिस आयुक्त और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की।
श्रीनिवासन ने बताया, "चेन्नई में सुरक्षा हालात का जायजा लेने के बाद डिक्सन मोहाली रवाना हो जाएंगे। वहां वे पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) अधिकारियों से बातचीत करेंगे और फिर ईसीबी को अपनी रिपोर्ट सौपेंगे।"
श्रीनिवासन के मुताबिक अभी तक जो बातचीत हुई है, उसके आधार पर कहा जा सकता है कि 11 दिसंबर से चेन्नई में टेस्ट मैच आयोजित कराने में किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी।
दूसरा टेस्ट मैच मोहाली में 19 दिसंबर से खेला जाना है। पहले यह टेस्ट मैच अहमदाबाद में खेला जाना था। प्रथम टेस्ट मैच मुंबई में खेला जाना था लेकिन सुरक्षा कारणों से दोनों मैचों को स्थानांतरित कर दिया गया।
भारत-इंग्लैंड टेस्ट श्रंखला के सफल होने में डिक्सन की रिपोर्ट ही निर्णायक भूमिका निभाएगी क्योंकि ईसीबी बड़ी बेसब्री से अपने सुरक्षा विशेषज्ञ की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।