नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 3 टी20 और इतने ही वनडे मैचों की सीरीज के लिए श्रीलंका क्रिकेट टीम तैयार है। दोनों देशों के बीपच पहला वनडे मैच 27 दिसंबर को खेला जाएगा लेकिन इसके शुरू होने से पहले एक उड़ती खबरों ने तहलका मचाया हुआ है। खबरें आ रही हैं कि पाकिस्तान ने श्रीलंका को पैसे देकर पाकिस्तान बुलाया है। मामला बढ़ने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वसीम खान ने सफाई दी। उन्होंने उर्दू अखबार 'जंग' से बातचीत दाैरान कहा कि हमने श्रीलंका को पैसे देकर पाकिस्तान नहीं बुलाया है।
वसीम खान ने कहा वे बिना ऐसे किसी भुगतान के पाकिस्तान आ रहे हैं। खान ने यह भी कहा कि पाकिस्तान में सुरक्षा हालात अब बहुत बेहतर हो चुके हैं। ऐसे में अब घरेलू श्रृंखलाओं को संयुक्त अरब अमीरात में नहीं कराया जाएगा और इनका आयोजन देश में ही कराया जाएगा। उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान अब सुरक्षित है। अब कोई वजह नहीं है कि विदेशी टीमें पाकिस्तान न आएं या हम अपनी घरेलू सीरीज कहीं बाहर जाकर खेलें। इसके अलावा यह भी है कि संयुक्त अरब अमीरात में खेलना काफी महंगा सौदा साबित हो रहा है।'
श्रीलंका टीम ने पहले पाकिस्तान आने से मना कर दिया था। लसिथ मलिंगा समेत 9 बड़े खिलाड़ियो ने पाकिस्तान में सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए दाैरा करने से साफ मना कर दिया था। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत पर आरोप लगाए कि उन्होंने श्रींलका को भड़काया। फिर श्रीलंका ने पाकिस्तान के आरोपों को गलत साबित किया और फिर युवा खिलाड़ियों की टीम तैयार की। पाकिस्तान दौरे पर श्रीलंका की दूसरे दर्जे की टीम गई है। मलिंगा, मैथ्यूज समेत 10 बड़े खिलाड़ियों ने इस दौरे पर सुरक्षा कारणों के चलते जाने से इनकार कर दिया।
बता दें कि श्रीलंका टीम पर इससे पहले 2009 में लाहौर में भी आतंकी हमला हुआ था। इसके बाद से अधिकांश अंतरराष्ट्रीय टीमों ने पाकिस्तान का दौरा करने से इनकार कर दिया और टीम को अपने अधिकांश घरेलू मैच संयुक्त अरब अमीरात में खेलने पड़े। इस आतंकी हमले में श्रीलंका के छह खिलाड़ी घायल हो गए थे जबकि छह पुलिसकर्मी और दो नागरिकों की मौत हो गई थी।