आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के शेड्यूल की घोषणा 27 जून को होते ही, भारत और पाकिस्तान के बीच 15 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले की तारीख की भी पुष्टि हो गई।
यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा और शेड्यूल की आधिकारिक घोषणा के साथ ही अहमदाबाद के बड़े-बड़े होटल के रेट 15 अक्टूबर के दिन के लिए बहुत ज्यादा बढ़ चुके हैं।
भारत और पाकिस्तान के मैच देखने के लिए क्रिकेट फैंस की दीवानगी इतनी है की होटल मालिकों ने अपने रेट में अभी से इजाफा शुरू कर दिया है। कई मामलों में तो होटल का एक दिन का किराया 10 गुना तक बढ़ाया गया है। अहमदाबाद भारत के बड़े शहरों में आता है जहां पांच सितारा होटल भी काफी तादाद में हैं और उनमें से कईयों ने अभी से ही खुद के होटल रूम को sold-out बता दिया है।
आपको जानकर हैरानी होगी कि कुछ होटल तो ₹1 लाख के करीब चार्ज कर रहे हैं। जबकि सामान्य दिनों में अहमदाबाद के लग्जरी होटल 5 से ₹8 हजार प्रतिदिन के हिसाब से चार्ज करते हैं। लेकिन 15 अक्टूबर के दिन यह 40,000 से एक लाख रुपए के करीब तक चार्ज कर रहे हैं।
होटल बुकिंग पोर्टल booking.com के अनुसार एक होटल जो 2 जुलाई को ₹5699 में उपलब्ध है, वही 15 अक्टूबर के दिन ठहरने के लिए ₹72 हजार ले रहा है। ऐसे ही एक होटल जो अभी 8000 रुपए में उपलब्ध है, वह भारत-पाकिस्तान मैच के दिन ₹90679 ले रहा है।
कुछ पांच सितारा होटल तो बुकिंग ही नही ले रहे क्योंकि वे पहले ही अपनी बुकिंग को sold-out बता चुके हैं। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अधिकारियों के मुताबिक ऐसा NRI फैंस और देश के अपर मिडिल क्लास क्रिकेट फैंस की भारी डिमांड के चलते हुआ है।
भारत से बाहर रहने वाले प्रवासी भारतीय और देश में रहने वाले अपर मिडिल क्लास व हाई क्लास से ताल्लुक रखने वाले कट्टर क्रिकेट फैंस इतने बड़े मैच को देखने का मौका नहीं छोड़ते हैं। वे दूरदराज की जगह से लंबी दूरियां तय करके आते हैं, जिसके लिए वे होटल में उस दिन की बुकिंग के लिए कई महीने पहले ही प्लान बना लेते हैं।
इन NRI लोगों व देशी फैंस ने भी अभी से ही प्लान बनाना शुरू कर दिया है जिसके तहत होटल की बुकिंग शुरू हो चुकी है और भारी डिमांड के चलते रेट आसमान छूने लगे हैं। क्रिकेट फैंस भारत और पाकिस्तान का हाई प्रोफाइल मुकाबला देखने के लिए इतनी बड़ी रकम चुकाने से कोई दिक्कत नहीं मान रहे हैं। उनके पास कमाने के लिए भरपूर पैसा है और खर्च करने के लिए 15 अक्टूबर जैसा बड़ा दिन भी है।