प्लेऑफ में निडर होकर खेलेंगे मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा
मुंबई| इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के प्लेऑफ में स्थान पक्का कर चुकी मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा है कि उनकी टीम आगे भी निडर होकर खेलेगी। आईपीएल-8 में खराब शुरुआत करने वाली मुंबई इंडियंस टीम ने रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ में प्रवेश किया।
आईपीएल की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार रोहित ने कहा, "शीर्ष दो में जगह पाने के कारण हम निडर होकर खेलने के लिए आजाद हैं। मुझे लगता है कि हमने अब तक अच्छी क्रिकेट खेली है, लेकिन प्लेऑफ के मुकाबले अलग होंगे। आप यहां ज्यादा गलती नहीं कर सकते। हमारे पास एक और मौका होगा इसलिए हम निडर होकर खेल सकते हैं।"
रोहित शर्मा ने कहा कि प्लेऑफ में टीम अपने मजबूत पक्ष पर ज्यादा ध्यान देगी और इस बात से चिंतित नहीं होगी कि उसके सामने प्रतिद्वंद्वी कौन है।
खराब शुरुआत के बाद टूर्नामेंट में शानदार वापसी करने पर रोहित ने कहा, "जब हम शुरू में हार रहे थे तब शायद हम अपनी पूरी क्षमता से नहीं खेल पा रहे थे। हमें शुरू से ही पता था कि हमारे पास प्रतिभावान खिलाड़ी मौजूद हैं और हमें बस उन्हें आगे लाना था।"
रोहित ने साथ ही कहा कि टीम के सहायक कर्मचारियों ने भी मुश्किल क्षणों में टीम को एकजुट रखने में अहम भूमिका निभाई। रोहित के अनुसार वह प्लेऑफ के मुकाबलों को एक नए टूर्नामेंट की तरह लेंगे और पूरे जोश से खेलेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
