कराची। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा झटका दिया है। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान दौरे पर खेलने जाने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने वेस्टइंडीज क्रिेकेट बोर्ड से इस साल सितंबर और अक्टूबर माह में होने वाली सीरीज के कुछ मैच पाकिस्तान में खेलने की गुजारिश की थी जिसे वेस्टइंडीज बोर्ड ने अस्वीकार कर दिया।
विश्वकप की व्यूवरशिप के टूटे सभी रिकॉर्ड, भारत-पाक मैच सबसे हिट
वेस्टइंडीज बोर्ड ने कहा कि वह सभी मैच यूएई में खेलना चाहते हैं। वेस्टइंडीज बोर्ड ने सुरक्षा कारणों के चलते पाकिस्तान में खेलने से इनकार कर दिया है। पीसीबी के अधिकारी का कहना है कि हम कई क्रिकेट बोर्ड को मनाने की कोशिश कर रहे हैं कि पाक में सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता हैं, ऐसे में कुछ मैच यहां खेलकर वह हमारी मदद कर सकते हैं। वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों ने सुरक्षा कारणों के चलते पाकिस्तान में खेलने से इनकार कर दिया है।
पाकिस्तान वेस्टइंडीज के साथ दो टेस्ट मैच, पांच वन डे और दो टी-20 मैच की श्रृंखला आयोजित कर रहा है। गौरतलब है कि 2009 में जब श्रीलंका की टीम पर मैच के दौरान लाहौर में हमला हुआ था तो दुनिया की सभी अहम टेस्ट खेलने वाले देशों ने पाक में खेलने से इनकार कर दिया था। 2009 के बाद पाकिस्तान टीम ने सिर्फ अफगानिस्तान, केन्या, जिम्बाब्वे की टीम के साथ ही श्रृंखला आयोजित कर सकी है।