BAN vs WI: अचानक से क्यों मैदान छोड़कर चले गये कायरन पोलार्ड, डायमंड डक हुए आंद्रे रसेल
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप में सुपर 12 स्टेज के मुकाबले जारी है, जिसके 23वें मुकाबले में वेस्टइंडीज और बांग्लादेश की टीमें भिड़ रही हैं। दोनों टीमों ने विश्वकप में खेले गये अपने पहले दो मुकाबलों में हार का सामना किया है जिसके बाद सेमीफाइनल की रेस से उनका बाहर होना लगभग तय हो गया है, हालांकि इस मैच में जिस भी टीम को हार मिलेगी उसका टूर्नामेंट में सफर इसी स्टेज पर समाप्त हो जायेगा। डिफेंडिंग चैम्पियन वेस्टइंडीज को विश्वकप में खेले गये अब तक के मुकाबलों में बल्लेबाजी से काफी संघर्ष करना पड़ा है, जहां पहले मैच में पूरी टीम 55 रनों पर सिमट गई थी तो वहीं पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ 143 रन ही जोड़ सकी थी और यही हाल बांग्लादेश के खिलाफ भी जारी रहा जहां पर कैरिबियाई टीम ने निकोलस पूरन (40) की आतिशी पारी के दम पर निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 142 रनों का स्कोर खड़ा किया।
दुबई के मैदान पर खेले जा रहे इस अहम मुकाबले में कैरिबियाई टीम के बल्लेबाजों ने एक बार फिर से निराश किया, जहां पर बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर वेस्टइंडीज की टीम को पहले बल्लेबाजी के लिये बुलाया। वेस्टइंडीज की टीम ने इस मैच के लिये अपनी टीम में रोस्टन चेज को डेब्यू कराया तो वहीं पर क्रिस गेल को ओपनिंग का मौका दिया। हालांकि कप्तान कायरन पोलार्ड की इस मैच को लेकर प्लानिंग कामयाब नहीं हुई और कैरिबियाई टीम ने महज 12 रन के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाज एविन लुईस (6) और क्रिस गेल (4) का विकेट खो दिया।
और पढ़ें: चहल को मौका न देने पर संजय मांजरेकर ने फिर साधा निशाना, बताया न्यूजीलैंड के खिलाफ कौन हो स्पिनर

अचानक मैदान छोड़कर वापस लौटे कायरन पोलार्ड
वहीं शिमरोन हेटमायर (9) भी ज्यादा योगदान नहीं दे सके और मेंहदी हसन का शिकार बनें। वेस्टइंडीज के लिये हेटमायर के आउट होने के बाद कप्तान कायरन पोलार्ड (8) बल्लेबाजी करने आये जिन्होंने रोस्टन चेज (39) के साथ 32 रनों की साझेदारी की, हालांकि तस्कीन अहमद के ओवर में वो अचानक ही मैदान छोड़कर वापस पवेलियन लौटते नजर आये, जिसके बाद फैन्स के लिये यह समझना काफी मुश्किल हो गया कि मैदान पर क्या हुआ है। फैन्स इस बात से कन्फ्यूज नजर आये कि कायरन पोलार्ड को कोई चोट नहीं लगी है और उनका विकेट भी नहीं गिरा है तो अचानक से वो पवेलियन क्यों लौट रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि यहां पर कायरन पोलार्ड को कई चोट नहीं लगी थी और तस्कीन अहमद की 3 गेंद खेलने के बाद उन्होंने अचानक ही रिटायर होने का फैसला किया। माना जा रहा है कि कायरन पोलार्ड ने यह फैसला मैच में रनों की रफ्तार बढ़ाने के लिये लिया, दरअसल पोलार्ड अपनी पारी में 16 गेंदों का सामना कर चुके थे और सिर्फ 8 रन ही बना पाये थे और टीम के पास आंद्रे रसेल जैसा बल्लेबाज आना बाकी था। ऐसे में पोलार्ड ने अपनी कमजोरी को समझा और खुद को रिटायर कर रसेल को बल्लेबाजी के लिये भेजने का फैसला किया।

काम नहीं आया पोलार्ड का फैसला, डायमंड डक हुए रसेल
गौरतलब है कि कायरन पोलार्ड का यह फैसला टी20 क्रिकेट में ऐतिहासिक साबित हो सकता है और आने वाले समय में खेल के प्रारूप में कई बार यह देखने को मिल सकता है। हालांकि कायरन पोलार्ड का यह फैसला कामयाब नहीं हो सका और मैदान पर बल्लेबाजी करने आये आंद्रे रसेल डायमंड डक पर आउट होकर वापस पवेलियन लौटे। दरअसल कायरन पोलार्ड ने एक रन लेकर रिटायर होने का फैसला किया था और उनके वापस पवेलियन लौटने के बाद आंद्रे रसेल नॉन स्ट्राइक एंड पर पहुंचे आंद्रे रसेल को एक भी गेंद खेलने का मौका नहीं मिला।
तस्कीन अहमद ने रोस्टन चेज को 13वें ओवर की चौथी गेंद फेंकी जिस पर उन्होंने सीधा शॉट लगाया। रसेल अपनी क्रीज से बाहर आ गये थे और गेंद सीधा नॉनस्ट्राइकर एंड पर लगे स्टंप्स की ओर जा रही थी, इस दौरान तस्कीन अहमद ने पैर लगा दिया और रसेल रन आउट हो गये। क्रिकेट के खेल में जब भी बल्लेबाज बिना कोई गेंद खेले आउट हो जाता है तो उसे डायमंड डक करार दिया जाता है।

आखिरी ओवर में फिर लौटे कायरन पोलार्ड
आपको बता दें कि क्रिकेट के नियमानुसार अगर कोई खिलाड़ी बिना किसी चोट के चलते मैदान छोड़कर जाता है तो वो पारी में कम से कम 5 विकेट गिरने के बाद ही वापस आ सकता है। उल्लेखनीय है कि क्रिकेट का यह नियम उसी खिलाड़ी पर लागू होता है जो चोटिल होकर रिटायर हर्ट होता है और मैदान से बाहर जाता है, हालांकि जो खिलाड़ी अपनी इच्छा से रिटायर आउट होकर बाहर जाता है वो दोबारा मैदान पर वापसी नहीं कर सकता है।
ऐसे में यह साफ नहीं है कि वो किस चोट की वजह से वापस लौटे थे, हालांकि उनका मैदान पर वापस लौटना इसी नियम की ओर इशारा करता है कि वो रिटायर हर्ट होकर वापस लौटे थे। पारी के आखिरी ओवर में रोस्टन चेज के आउट होने के बाद कप्तान कायरन पोलार्ड दोबारा मैदान पर उतरे और 2 गेंदों का सामना किया जिसमें से एक गेंद पर छक्का लगाकर टीम के स्कोर को 142 तक पहुंचा दिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications