नई दिल्ली: भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज का दूसरा मैच डकवर्थ लुइस नियम के तहत 59 रनों से जीत लिया है। यह मैच त्रिनिदाद में पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वीन्स पार्क ओवल में खेला गया। इसी के साथ भारत को तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त मिल चुकी है। इस सीरीज का पहला मैच भी बारिश के चलते बिना किसी नतीजे के समाप्त घोषित करना पड़ा था। भारत ने दूसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज को जीत के लिए 280 रनों का लक्ष्य दिया था जिसे बारिश के कारण घटाकर 46 ओवर में 270 रन कर दिया गया।
संसोधित लक्ष्य का पीछा करते हुए कैरेबियाई टीम 42 ओवर में 210 रन बनाकर ढेर हो गई। धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल एक बार फिर से नहीं चल सके और उन्होंने 11 ही रन बनाए। यही हाल शाई होप (5) और हेटमायर (18) का रहा। इविन लुईस (65) ने हालांकि निकोलस पूरन (42) के साथ साझेदारी करने की कोशिश की लेकिन यह नाकाफी थी। इस जोड़ी के टूटने के बाद कोई भी बल्लेबाज एक ठोस पारी नहीं खेल सका और अंत में भारत ने यह मैच 59 रनों से अपने नाम कर लिया।
भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 31 रन देकर 4 विकेट लिए। शमी और यादव को 2-2 विकेट मिले। जबकि खलील और जडेजा ने 1-1 विकेट आपस में बांटे।
इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था लेकिन भारत को पहले ही ओवर में एक झटका तब लगा जब शेल्डन कॉटरेल की गेंद पर धवन आउट हो गए। उन्होंने केवल 2 रन बनाए। इसके बाद कोहली और रोहित ने पारी को संभाला। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हुई लेकिन फिर रोहित (18) आउट हो गए। इसके बाद पंत भी 20 रन बनाकर आउट हो गए। कोहली ने इसी बीच शानदार 42वां ODI शतक पूरा किया और वे 120 रन (125 गेंद) बनाकर आउट हुए।
इसके बाद अय्यर ने खुद को मध्यक्रम का एक बेहतर विकल्प प्रस्तुत करते हुए 68 गेंदों पर 71 रनों की शानदार पारी खेली। अंतिम ओवरों में जाधव और जडेजा ने 16-16 रनों का योगदान दिया। कोहली को उनके दमदार शतक के चलते मैन ऑफ द मैच अवार्ड दिया गया।
इस मैच में दोनों टीमों की प्लेयिंग इलेवन इस प्रकार रही-
वेस्टइंडीज (प्लेइंग इलेवन): क्रिस गेल, एविन लुईस, शाई होप (डब्ल्यू), निकोलस पूरन, शिरमोन हेटमायर, रोस्टन चेज, जेसन होल्डर (सी), कार्लोस ब्रैथवेट, केमर रोच, शेल्डन कॉटरेल, ओशन थॉमस
भारत (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली (सी), श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (डब्ल्यू), केदार जाधव, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, के खलील अहमद