लंदन। चैंपियंस ट्रॉफी का महामुकाबला खत्म हुआ तो पाकिस्तानी टीम के खिलाफ भारतीय टीम के खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने मैच में जीत की आस लगाए बैठे लाखों क्रिकेट प्रेमियों को निराश किया। पाकिस्तान ने 180 रनों के बड़े अंतर से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के भारत के सपने पर पानी फेर दिया। कप्तान विराट कोहली ने हार को स्वीकार करते हुए पाकिस्तानी टीम के खेल की प्रशंसा की है। हार के बाद की एक फोटो सामने आई है जिसमें विराट कोहली निराश दिख रहे हैं और हाथ मल रहे हैं।
कप्तान विराट कोहली ने कहा कि चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम ने जिस तरह के खेल का प्रदर्शन किया है उस पर उनको गर्व है। साथ ही फाइनल में पाकिस्तान को हाथों मिली करारी हार को स्वीकार करते हुए कप्तान कोहली ने कहा, 'अगर कोई टीम खेल में हमसे बेहतर कौशल का प्रदर्शन करते हुए हमें हरा देती है तो उसे तो स्वीकार करना ही पड़ेगा।'
चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पाकिस्तान ने 50 ओवर में चार विकेट पर 338 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। इसके जवाब में भारतीय टीम शुरू में ही लड़खड़ा गई और 30.3 ओवर में 158 रन पर सारे खिलाड़ी आउट होकर पवेलियन लौट गए। भारतीय टीम के निराशाजनक प्रदर्शन पर देश में प्रशंसकों में आक्रोश फैल गया और जगह-जगह उन्होंने टीवी तोड़ी, खिलाड़ियों के पोस्टर्स जलाए।