नई दिल्ली। आईपीएल 11 में रोज कोई न कोई टीम धमाल कर रही है। सोमवार को दिल्ली डेयरडेविल्स और चेन्नई सुपरकिंग के बीच हुए मुकाबले में चेन्नई की टीम ने दिल्ली पर शानदार जीत दर्ज करते हुए अंक तालिका में शीर्ष का स्थान पा लिया है। वहीं अगर दिल्ली की बात करें तो इस सीजन में उन्होंने केवल दो मैचों में ही सफलता पाई है, गौतम गंभीर ने जब कप्तानी छोड़ी तो श्रेयस अय्यर के ऊपर टीम को नई शुरुआत देने का मौका था, हालांकि अय्यर ने बतौर कप्तान पहले मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को जीत भी दिलाई लेकिन दूसरा मुकाबला वो चेन्नई से जीत नहीं सके।
रायडू हुए रन आउटः पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपरकिंग की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 211 रन का बड़ा लक्ष्य दिल्ली के सामने रखा था। महेंद्र सिंह धोनी ने इस मुकाबले में भी कप्तानी पारी खेलते हुए नाबाद 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली वहीं इस सीरीज में ऑरेंज कप का खिताब अपने पास रखने वाले अंबाती रायडू ने कल भी एक बेहतरीन इनिंग खेली और 24 गेंदों मे ही ताबड़तोड़ 41 रन ठोक दिए। हालांकि अंबाती अपने बल्ले से कुछ और कारनामा दिखाते इससे पहले ही वो रन आउट हो गए औऱ वो भी बड़े रोचक ढ़ंग से, उनके इस रन आउट का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। दरअसल धोनी ने एक शॉट खेला और अपनी जगह पर ही खड़े रह गए और अंबाती दौड़ते हुए उनके पास पहुंच गए पर धोनी तब भी नहीं हिले वहीं धोनी को इस तरह से देख रायडू फिर मुड़े पर उसके पहले ही उनका स्टंप बिखेरा जा चुका था।
गौरतलब हो की दिल्ली की बल्लेबाजी शुरू से ही बेहतर नहीं रही हालांकि ऋषभ पंत और विजय शंकर ने अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश जरूर की लेकिन वो भी इस मैच में दिल्ली की टीम को जीत नहीं दिला सके,और चेन्नई ने यह मुकाबला जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर अपना स्थान बना लिया है।