क्या टूटेगा मुरलीधरन का रिकॉर्ड? रविचंद्रन अश्विन ने खुद दिया ये बड़ा बयान
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के माैजूदा सबसे सीनियर स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन दुनिया के महान गेंदबाजों में से एक हैं। उन्होंने भारतीय टीम के लिए कई मैच जिताऊ प्रदर्शन किए हैं। अश्विन के लिए साल 2021 बेहद खास रहा है क्योंकि वह टेस्ट में सबसे अधिक 52 विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। अश्विन पहले ही अपने नाम 81 टेस्ट में 427 टेस्ट विकेट ले चुके हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 14 विकेट चटकाए थे और सीरीज के दूसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। इसके अलावा अश्विन को मैन ऑफ द सीरीज से भी सम्मानित गया था। इस दाैरान अश्विन ने हरभजन सिंह (417 टेस्ट विकेट) को भी पीछे छोड़ दिया और माैजूदा समय में 427 विकेट के साथ सबसे अधिक टेस्ट विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज हैं।
माना जाता है कि अश्विन श्रीलंका के पूर्व स्पिनर मुथैया मुरलीधरन का रिकाॅर्ड तोड़ सकते हैं जिन्होंने टेस्ट में सबसे अधिक 800 विकेट लिए हैं। वहीं हाल ही में मुरलीधरन ने कहा था कि अगर कोई है जो टेस्ट क्रिकेट में उनके 800 विकेट के रिकॉर्ड को तोड़ सकता है, तो वह रविचंद्रन अश्विन हैं। अब इसको लेकर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल '40 शेड्स ऑफ ऐश' पर अपनी राय देते हुए बताया कि वो रिकाॅर्ड तोड़ पाएंगे या नहीं।
यह भी पढ़ें- 'ऐसा लगा जैसे वो बच्चों के खिलाफ खेल रहा हो, गेंदबाज ठीक गेंदबाजी कर रहे थे'

मुरलीधरन का किया शुक्रिया
अश्विन ने कहा, "पहले तो मैं सबसे पहले मुरली अन्ना (मुथैया मुरलीधरन) का शुक्रिया करता हूं जिन्होंने मेरे लिए ऐसी बात की। उन्होंने मेरे साथ भी कई बार इसको लेकर चर्चा की है। एक बार जब मैं चोटिल हुआ था तो अन्ना भाई का मुझे फोन था और उन्होंने मुझे कहा कि सुनो, इसी तरह की चोट एक समय मुझे भी लगी थी। इसलिए अपना ध्यान रखना और अगर आपने अपना ध्यान नहीं रखा तो ये चोट फिर से बार-बार आपको आ सकती है।''

800 विकेट ले पाना पहुंच से बहुत दूर
उन्होंने आगे कहा, "हम दोनों के बीच अच्छी दोस्ती है। वह बहुत ही अच्छे इंसान हैं। तो अगर उन्होंने ऐसा कहा है कि मैं उनका रिकाॅर्ड तोड़ सकता हूं तो इसके लिए मैं सच में उनका शुक्रगुजार हूं, लेकिन 800 विकेट ले पाना पहुंच से बहुत दूर है। मैं जानता हूं कि आप सब को उम्मीद है कि मैं उस मुकाम तक पहुंच जाऊं, लेकिन सच में यह बहुत दूर है। आइए इसे एक बार में एक कदम, एक समय में एक विकेट लेने की कोशिश करें और इसी तरह मैं चीजों को देख रहा हूं।''

ऐसे किया खुद को प्रेरित
इसके अलावा एक फैन द्वारा उनसे सवाल किया गया कि शानदार फॉर्म में होने के बावजूद इंग्लैंड टेस्ट से बाहर होने के बाद उन्होंने खुद को कैसे प्रेरित किया। इसका जवाब देते हुए अश्विन ने कहा, "गिरा जाना प्रेरणा का एक स्त्रोत है, है ना'। तो ऐसे में अगर आप बाहर हो जाते हैं, तो आपको स्पष्ट रूप से कड़ी मेहनत करनी होगी और टीम में अपनी जगह जल्दी हासिल करनी होगी। इसके अलावा अगर आपको टीम से बाहर कर दिया जाता है तो फिर आप इससे कुछ सीख सकते हैं। हो सकता है कि कुछ ऐसा हो जिसमें आपकी कमी हो या कोई आपकी जगह बेहतर खेल रहा हो। अगर आपको लगता है कि कोई कारण है जिसके चलते मैं बाहर हुआ तो आप फिर कमी पर काम करते हैं, अगर कोई कारण ना भी हो तो भी आप मेहनत करते हैं। आप सफलता और असफलता से हमेशा कुछ ना कुछ सीखते हैं।" बता दें कि अश्विन वर्तमान में आगामी टेस्ट सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका में हैं, जो 26 दिसंबर को शुरू होने वाली है और वह वनडे सीरीज के लिए टीम के साथ भी बने रह सकते हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
