विजयवाड़ा। एक दुख भरी खबर आंध्र प्रदेश से आ रही है। यहां रणजी ट्राफी खेल चुकी एक महिला क्रिकेटर ने आत्महत्या कर ली है। खिलाड़ी का नाम दुर्गा भवानी है। जानकारी के मुताबिक आंध्र प्रदेश की तरफ से रणजी ट्राफी खेल चुकी दुर्गा भवानी ने गुनादला इलाके में स्थित अपने आवास में खुदकुशी की।
दुर्गा भवानी की उम्र 25 साल थी और उनकी तीन साल की एक बेटी भी है। जांच अधिकारी ने कहा कि खिलाड़ी द्वारा ये कदम उठाने के पीछे पारिवारिक मुद्दा हो सकता है। उन्होंने बताया कि क्रिकेटर के भाई ने रविवार को मछावरम थाना पुलिस को इस बारे मे सूचित किया।
पुलिस ने अभी तक भवानी के पति सत्यप्रकाश का बयान दर्ज नहीं किया है। सत्यप्रकाश खेल पत्रकार हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी। अगर किसी के बयान की जरुरत पड़ती है तो वो भी लिया जायेगा।