Women's T20 World Cup : भारत के लिए खुशखबरी, इंग्लैंड को हराए बिना पहुंचेगा फाइनल में
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया में जारी आईसीसी महिला टी20 विश्व कप अब आखिरी पड़ाव पर आ चुका है। सेमीफाइनल मुकाबलों में तय हो जाएगा कि काैन सी टीमें फाइनल में भिड़ेंगी। भारत का सेमीफाइनल में इंग्लैंड से 5 मार्च को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) मैदान पर आमना सामना होगा। इस मुकाबले पर सभी की नजरें रहेंगी। भारत के पास पहली बार फाइनल में जाकर खिताब जीतने का माैका है। लेकिन इस सेमीफाइनल मैच से पहले भारतीय टीम के लिए खुशखबरी सामने आई है। भारत के पास इंग्लैंड को हराए बिना सीधा फाइनल में पहुंचने का भी माैका है।

आखिर हराए बिना कैसे पहुंचेगा भारत
दरअसल, ऐसा तब होगा अगर बारिश बाधा डालती है। अगर बारिश के कारण यह मैच रद्द हो जाता है तो फिर अंक तालिका के आधार पर भारत बिना मैच खेले फाइनल में प्रवेश कर जाएगा और इंग्लैंड बाहर हो जाएगा। क्योंकि आईसीसी ने सेमीफाइनल मैचों के लिए रिजर्व डे नहीं रखा है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने पहले इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) से सेमीफाइनल मैचों के लिए रिजर्स डे की मांग की थी, लेकिन आईसीसी ने इसे नकार दिया। अब ऐसे में अगर बारिश से कोई भी सेमीफाइनल मैच रद्द होता है तो, लीग राउंड में बेहतर प्वॉइंट वाली टीम फाइनल में पहुंच जाएगी।

अंक तालिका में भारत है टाॅप पर
वहीं अंक तालिका में भारत टाॅप पर है। भारतीय महिला टीम अपने सभी लीग मैच जीतकर आठ अंकों के साथ सेमीफाइनल में पहुंची है, जबकि इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के खाते में तीन जीत के साथ छह प्वॉइंट्स हैं। ऐसे में बेहतर अंकों के आधार पर भारतीय महिला टीम फाइनल में पहुंच जाएगी। सिडनी में 3 मार्च को दो लीग मैच खेले जाने थे। दोनों लीग मैच ग्रुप-बी के थे। पाकिस्तान VS थाईलैंड और वेस्टइंडीज VS दक्षिण अफ्रीका दोनों मैच बारिश की भेंट चढ़ गए थे। सिडनी में शनिवार तक रोज बारिश की आशंका बनी हुई है, ऐसे में दोनों सेमीफाइनल मैचों पर इसका असर पड़ सकता है।

दक्षिण अफ्रीका के पास भी माैका
ऐसे ही अगर दूसरे सेमीफाइनल मैच की बात करें, जो कि दक्षिण अफ्रीकी महिला टीम और ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के बीच खेला जाना है जो दोपहर के समय 1.30 बजे होना है। अगर ये मैच भी बारिश के कारण रद्द होता है तो बेहतर अंक के हिसाब से दक्षिण अफ्रीकी टीम फाइनल में पहुंचेगी। दक्षिण अफ्रीकी महिला टीम के खाते में सात अंक हैं, जबकि ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के खाते में छह अंक हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
