नई दिल्ली। सचिन तेंदुलकर विश्व कप 2019 में बतौर क्रिकेट कॉमेंटेटर अपना डेब्यू करके चर्चाओं में बने हुए हैं। हर भारतीय की तरह सचिन भी चाहते हैं कि टीम इंडिया ही यह विश्व कप जीते। भारत और इंग्लैंड जैसी टीमों से यह कप जीतने की काफी उम्मीदें भी की जा रही हैं। इस बार काफी ऐसे खिलाड़ी विश्व कप खेल रहे हैं जिनके प्रदर्शन पर सबकी नजरें टिकी हैं।
लेकिन सचिन की नजरें तीन ऐसे खिलाड़ियों पर टिकी हैं जो इस विश्व कप का रूख पलटने का दम रखते हैं। ये खिलाड़ी हैं जोफ्रा आर्चर, राशिद खान और डेविड वार्नर।
24 साल के आर्चर का जन्म वेस्टइंडीज में हुआ था। उनको कुछ माह पहले ही इंग्लैड की ओर से खेलने का मौका मिला है। आर्चर अगली पीढ़ी के बड़े तेज गेंदबाज माने जा रहा हैं। आर्चर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप के पहले मैच में भी 6 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए थे।
वहीं राशिद के बारे में बात करते हुए सचिन ने बताया, 'मुझे लगता हैं कि अफगानिस्तान के उलटफेर में राशिद खान की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रहेगी।' सचिन चाहते हैं राशिद खान को अपनी गेंदबाजी पर डीप विकेट में फील्डिंग लगाकर बल्लेबाज को चुनौती देनी चाहिए।
जबकि वार्नर के बारे में सचिन ने कहा कि यह कंगारू ओपनिंग बल्लेबाज एक साल के लंबे बैन के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहा है। वार्नर में कहीं ज्यादा रनों की भूख, निश्चिंतता, फोकस दिखाई दे रहा है। जबकि आईपीएल का बेहतरीन प्रदर्शन उनके लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। मजेदार बात यह थी कि राशिद और वार्नर आईपीएल में एक ही टीम सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हैं।