एडिलेड। भारतीय क्रिकेट टीम रविवार को आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2015 में अपना पहला मैच खेलेगी। सामने होगी उसकी सबसे बड़ी विरोधी टीम पाकिस्तान। मैच की खास बात होगी कि हार-जीत तय होगी दोनों टीमों के ऑलराउंडरों के प्रदर्शन पर। इतिहास उठाकर देखें तो विश्वकप में दोनों टीमें पांच बार भिड़ी हैं, जिनमें हर बार भारत जीता है।
भारतीय टीम की बात करें तो उसके पास विराट कोहली, सुरेश रैना, स्टुअर्ट बिन्नी, रविंद्र जडेजा के रूप में तीन ऑलराउंडर हैं। इनमें से सब खेलेंगे इसमें भी संशय है। वहीं पाकिस्तान के पास हफीज और शाहिद अफरीदी ऐसे क्रिकेटर होंगे जो मैच का पासा पलट सकते हैं। जानकारों का कहना है कि ऑस्ट्रेलिया की तेज पिचों पर दोनों टीमें अपने आक्रामक गेंदबाजों को लगायेंगे। और तेज गेंदबाजों के लिये सभी बल्लेबाज अच्छी-खासी तैयारी करके ही ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हैं।
मिस करेंगे सचिन तेंदुलकर को
सचिन तेंदुलकर के संन्यास के बाद भारतीय टीम विश्व कप में पहली बार पाकिस्तान से भिड़ेगी। दो दशक से भी अधिक समय तक भारतीय टीम के नायक रहे सचिन ने पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप में हमेशा विशेष प्रदर्शन किया और यही कारण है कि पांच में से तीन मौकों पर उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। ऐसे में सचिन की कमी जरूर खलेगी।
सिर्फ एक शतक, वो भी अनवर का
दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबलों में सिर्फ एक शतक लगा है और यह श्रेय जाता है पाकिस्तान के सईद अनवर को, जिन्होंने 2003 में सेंचुरियन में 101 रनों की पारी खेली थी। भारत की ओर से विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ी पारी का रिकार्ड सचिन के ही नाम है। सचिन ने सेंचुरियन में हुए इसी मैच में 98 रन बनाए थे। यह वही मैच था, जिसमें सचिन ने शोएब अख्तर की गेंद पर कवर एरिया में शानदार छक्का लगाया था।
जानिए इस मैच के बारे में क्या कहते हैं ज्योतिष
1992 में आस्ट्रेलिया में हुए विश्व कप में भारत और पाकिस्तान का सामना विश्व कप के 16वें मैच में हुआ था, जिसमें भारत 43 रनों से विजयी रहा। सचिन ने इस मैच में नाबाद 54 रन बनाने के अलावा एक विकेट भी हासिल किया था और मैन ऑफ द मैच चुने गए।
इसके बाद 1996 विश्व कप में सचिन हालांकि अधिक सफल नहीं हो सके थे और भारत को क्वार्टर फाइनल मैच में मिली 39 रनों की जीत में सिर्फ 31 रनों का योगदान दे सके। नवजोत सिंह सिद्धू (93) के साथ उन्होंने पहले विकेट के लिए 90 रन जोड़कर टीम को मजबूत आधार दिया था।
1999 का विश्वकप
वर्ष 1999 में आयोजित विश्व कप के सुपर सिक्स दौर में भी दोनों टीमों का सामना हुआ था। भारत ने वह मैच 47 रनों से जीता और सचिन ने इसमें 45 रन बनाए। इस मैच में 27 रन देकर पांच विकेट लेने वाले वेंकटेश प्रसाद को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार मिला।
दोनों टीमों की अगली भिड़ंत 2003 के विश्व कप में हुई, जिसमें पूल-ए के मुकाबले में सचिन 98 रन बनाकर भारत की छह विकेट से जीत का नायक बने। सचिन ने अपनी 75 गेंदों की पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया था।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं-
भारत- महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान, विकेटकीपर), शिखर धवन, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली, अम्बाती रायुडू, सुरेश रैना, स्टुअर्ट बिन्नी, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, मोहित शर्मा, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्सर पटेल, मोहम्मद सामी।
पाकिस्तान- मिस्बाह उल हक (कप्तान), शाहिद अफरीदी, अहमद शहजाद, नासिर जमशेद, हरिस सोहेल, शोहेब मक्सूद, अहसान आदिल, यूनिस खान, उमर अकमल, मोहम्मद इरफान, वहाब रियाज, यासिर शाह, सोहेल खान, सरफराज अहमद (विकेटकीपर), राहत अली।