नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय हॉकी टीम के ड्रैगफ्लिकर धनंजय महादिक का कहना है कि स्टार ड्रैगफ्लिकर संदीप सिंह की गैरमौजूदगी में छह मई से मलेशिया के शहर इपोह में खेले जाने वाले सुल्तान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट के मद्देनजर उनकी जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं।
भारतीय टीम के अलावा सेना के लिए खेलने वाले महादिक को संदीप की मौजूदगी में हाल ही में आयोजित हीरो होंडा एफआईएच विश्व कप के दौरान एक मैच में भी ड्रैगफ्लिक करने का मौका नहीं मिला था जबकि संदीप पांच मैचों में सिर्फ तीन गोल कर सके थे। इसी कारण उन्हें अजलान शाह कप के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया।
अजलान शाह कप के लिए पुणे में जारी टीम के प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले रहे महादिक ने बुधवार को फोन पर आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि उनके अलावा टीम में शामिल दो नए ड्रैगफ्लिकरों-एअर इंडिया के लिए खेलने वाले लखनऊ के अमित प्रभाकर और इंडियन आयल के लिए खेलने वाले चण्डीगढ़ के रुपिंदर पाल सिंह को अभ्यास मैचों में आजमाया जा रहा है लेकिन मुख्य मुकाबलों में ड्रैगफ्लिक की जिम्मेदारी उन्हीं पर होगी।
महादिक ने कहा, "मुख्य कोच ब्रासा और सहायक कोच हरेंद्र सिंह ने साफ कर दिया है कि अजलान शाह कप में ड्रैग फ्लिक की जिम्मेदारी मेरे ऊपर होगी। मेरे लिए यह कोई नई बात नहीं लेकिन मैं इसे चुनौती के रूप में देख रहा हूं। इसके लिए मैं अमित और रुपिंदर के साथ काफी मेहनत कर रहा हूं। आशा है कि मेरा प्रदर्शन ठीक रहेगा।"
महादिक ने कहा कि टीम मुख्य रूप से पेनाल्टी कॉर्नरों को गोल में बदलने का अभ्यास कर रही है क्योंकि विश्व कप के दौरान उसके ज्यादातर प्रयास नाकाम रहे थे। बकौल महादिक, "ड्रिलिंग के दौरान मुख्य तौर पर पेनाल्टी कॉर्नर पर ध्यान दिया जा रहा है। विश्व कप का वीडियो देखने के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया है कि इस पर काम करना जरूरी है। कोच ने साफ कर दिया है कि पेनाल्टी कॉर्नर को लेकर किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं रहा जा सकता, इसलिए सभी खिलाड़ियों को इस संबंध में ड्रिल सिखाए जा रहे हैं।"
14 वर्ष की उम्र से हॉकी खेल रहे महादिक को देश के सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में माना जाता है। महाराष्ट्र के सतारा जिले के श्रीवाल के निवासी महादिक ने जूनियर विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के बाद भारत की राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई है। इसके बाद महादिक ने खुद को एक बेहतरीन डिफेंडर और सफल ड्रैग फ्लिकर के रूप में स्थापित किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**