-Staff

तिरूचिरापल्ली, 12 जनवरीः भारतीय हाकी टीम के पूर्व कोच वासुदेवन भास्करन ने आज कहा कि इस साल पेईचिंग में होने वाले ओलंपिक खेलों में भारत के पास हाकी का स्वर्ण पदक जीतने की काफी बढिया संभावनाएं हैं.
भास्करन ने यहां संवादाताओं से कहा कि एशिया कप में मिली खिताबी जीत भारतीय खिलाड़ियों के लिए उत्प्रेररक का काम कर सकती है. उन्होंने कहा कि गत वर्ष कई अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में खेलने का अनुभव भी भारतीय टीम के काम आएगा.
भारतीय हाकी टीम के इस पूर्व कप्तान ने कहा कि ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने के वास्ते चिली के सेंटियागो में मार्च में होने वाले टूर्नामेंट में भारत बढ़िया प्रदर्शन करेगा. भारतीय टीम का प्री ओलंपिक कोचिंग शिविर गुरूवार से बेंगलूर में शुरू हो चुका है जो 21 जनवरी तक चलेगा.
भास्करन ने कहा कि विश्व रैंकिंग में छठवें स्थान पर मौजूद भारत को चौथे स्थान तक पहुंचने की पुरजोर कोशिश करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि हाकी समेत किसी भी खेल से जुड़े कोच को कम-से-कम पांच वर्ष का कार्यकाल मिलना चाहिए.
उन्होंने कहा कि खेल में हार और जीत तो लगी रहती है लेकिन केवल एक हार के आधार पर हमें कोच नहीं बदलना चाहिए, यह दुर्भाग्यपूर्ण है.
MyKhel से प्राप्त करें ब्रेकिंग न्यूज अलर्ट.
Allow Notifications
You have already subscribed
Story first published: Saturday, January 12, 2008, 15:15 [IST]
Other articles published on
Jan 12, 2008