आईसीसी ने एक वक्तव्य जारी कर कहा कि उसने बुधवार को बांग्लादेश में सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित एक रिपोर्ट प्राप्त की और पाया कि बांग्लादेश में सुरक्षा इंतजामात सुधारने की दिशा में काफी काम किया गया है।
आईसीसी ने बोर्ड की दूसरे दिन की बैठक के बाद कहा, "आईसीसी बोर्ड को आईसीसी ट्वेंटी-20 विश्वकप के मद्देनजर बांग्लादेश में सुरक्षा व्यवस्था के ताजा हालात पर एक रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिसमें हाल ही में ढाका में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हुई बैठक में तैयार रिपोर्ट भी शामिल है। रिपोर्टो के अनुसार बांग्लादेश में सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित सकारात्मक विकास हुआ है।"
बांग्लादेश में पिछले महीने विपक्षी दल जमात-ए-इस्लामी के नेता अब्दुल कादिर मुल्ला को मौत की सजा दिए जाने के बाद बांग्लादेश में हालात काफी बिगड़ गए थे। इसके विरोध में बांग्लादेश में लागातार जारी हिंसक विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए एशिया कप के आयोजन को लेकर भी शंकाएं खड़ी होने लगी थीं।
एशियन क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने हालांकि एशिया कप को बांग्लादेश में ही कराए जाने की पुष्टि की है। बांग्लादेश में एशिया कप का आयोजन 25 फरवरी से आठ मार्च तक चलेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।