For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts

मोहाली में भारत का पलड़ा भारी

By Staff
मोहाली टेस्ट में भारत ने अपनी स्थिति काफ़ी मज़बूत कर ली है. ऑस्ट्रेलिया की टीम मुश्किल में है और भारत की कुल बढ़त 301 रनों की हो गई है.

तीसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक भारत ने बिना कोई विकेट गँवाए 100 रन बना लिए थे. पहली पारी के आधार पर भारत को 201 रनों की बढ़त मिली हुई थी.

वीरेंदर सहवाग 53 रन पर और गौतम गंभीर 46 रन पर खेल रहे हैं. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम सिर्फ़ 268 रन ही बना पाई.

ऑस्ट्रेलिया को फ़ॉलोऑन बचाने के लिए 270 रनों की आवश्यकता थी. इस तरह भारत को पहली पारी के आधार पर 201 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल हुई है. भारत ने पहली पारी में 469 रन बनाए थे.

भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ऑस्ट्रेलिया को फ़ॉलोऑन नहीं कराया. शायद पिच की हालत देखते हुए भारतीय कप्तान चौथी पारी में बल्लेबाज़ी नहीं करना चाहते थे.

ऑस्ट्रेलिया की पारी

ऑस्ट्रेलिया की ओर से शेन वॉटसन, माइकल हसी और ब्रेट ली को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज़ कुछ ख़ास नहीं कर पाया.

अमित मिश्रा ने पाँच विकेट लिए

दूसरी ओर भारत की ओर से अपना पहला टेस्ट खेल रहे अमित मिश्रा ने कमाल की गेंदबाज़ी की और पाँच विकेट चटकाए.

तीसरे दिन का खेल शुरू हुआ तो ऑस्ट्रेलिया का स्कोर था चार विकेट के नुक़सान पर 102 रन. माइकल हसी पिच पर नाबाद थे. माइकल हसी ने अपना अर्धशतक पूरा तो किया लेकिन इसके ठीक बाद 54 रन बनाकर आउट हो गए. उनका विकेट ईशांत शर्मा को मिला.

ब्रैड हैडिन को नौ रन पर हरभजन सिंह ने और कैमरून व्हाइट को पाँच रन पर अमित मिश्रा ने क्लीन बोल्ड कर दिया. ऑस्ट्रेलिया ने अपने सात विकेट सिर्फ़ 167 रन पर गँवा दिए थे.

शेन वॉटसन और ली ने अहम साझेदारी की

लेकिन इसके बाद शेन वॉटसन का संयम और ब्रेट ली के साथ उनकी साझेदारी ऑस्ट्रेलिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण साबित हुई. दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी हुई.

ब्रेट ली 35 रन बनाकर हरभजन सिंह की गेंद पर आउट हुए. इसके कुछ देर बाद शेन वॉटसन भी 78 रन बनाकर आउट हो गए. उन्हें अमित मिश्रा ने एलबीडब्लू आउट किया.

पीटर सिडल अपना खाता भी नहीं खोल पाए. भारत की ओर से अमित मिश्रा ने सर्वाधिक पाँच विकेट लिए, हरभजन सिंह और ईशांत शर्मा को दो-दो विकेट मिले. जबकि ज़हीर ख़ान के खाते में सिर्फ़ एक विकेट आया.

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:20 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+