नई दिल्ली। अफगानिस्तान के साथ जून में होने वाले ऐतिहासिक टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा सकता है। दरअसल चोटिल होने के कारण भारत के प्रमुख टेस्ट विकेटकीपर रिद्धिमान साहा अफगानिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगे। आपको बता दें कि आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलने वाले रिद्धिमान साहा चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ फाइनल मुकाबले में चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। साहा के अंगूठे में चोट लगने के कारण उनका खेलना संदिग्ध है।
गौरतलब है कि 14 जून से बेंगलुरू में भारत और अफगानिस्तान का एकमात्र टेस्ट मैच शुरू होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक साहा के दाएं हाथ के अंगूठे में चोट लगी है। ये चोट सनराइजर्स हैदराबाद के लिये 25 मई को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ आईपीएल दूसरे क्वालीफायर में खेलते हुए उन्हें लगी थी। साहा की चोट को लेकर बीसीसीआई ने एक बयान में कहा , 'चोट प्रबंधन में भविष्य की योजना को निश्चित करने के लिये एक विशेषज्ञ साहा की चोट को देखेगा और बीसीसीआई चिकित्सीय टीम उनकी प्रगति पर नजर रखेगी।'
साहा अगर पूरी तरफ फिट नहीं होते हैं तो पार्थिव पटेल या दिनेश कार्तिक अफगानिस्तान के शुरुआती टेस्ट में उनकी जगह ले सकते हैं। आपको बता दें कि टेस्ट मैच का दर्जा मिलने के बाद अफगानिस्तान अपना पहला मैच भारत के साथ खेलने जा रहा है। हालांकि इस मैच में भारतीय टीम के नियमित कप्तान विराट कोहली के पहले से ही न खेलने का पुष्टि हो चुकी है। ऐसे में टीम की कमान अजिंक्य रहाणे के हाथों में होगी।
इन खिलाड़ियों के अलावा अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज दौलत जदरान भी चोट की वजह से इस मैच में नहीं खेल पाएंगे। उनके घुटने में चोट लगी है और उन्हें आराम की सलाह दी गई है।