WTC का फाइनल अगर ड्रॉ या टाई हुआ तो क्या होगा, सामने आया समाधान
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला 18 जून को इंग्लैंड के साउथैंपटन में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें फाइनल मुकाबले को जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी और दोनों ही टीमों में यह क्षमता है कि वह फाइनल मैच को जीत सकती है। लेकिन अगर दोनों में से कोई भी टीम मैच नहीं जीत पाती और मैच ड्रॉ या टाई होता है तो क्या होगा, यह सवाल हर किसी के मन में आता है। लेकिन जो रिपोर्ट सामने आई है उसके अनुसार अगर फाइनल मुकाबला टाई या ड्रॉ होता है तो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब दोनों ही टीमे एक साथ साझा करेंगी। वहीं एक अतिरिक्त दिन जो रखा गया है उसका इस्तेमाल अगर मैच में ओवर को नुकसान होता है तो उसके इस्तेमाल के लिए रखा गया है। यानि अगर मैच बारिश, खराब रोशनी या किसी अन्य वजह से पूरा नहीं हो पाता और निर्धारित ओवर नहीं डाले जाते तो अतिरिक्त दिन में इन ओवर को डाला जाएगा।
इस पूरे मामले पर आईसीसी ने स्थिति साफ करते हुए कहा कि अगर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला ड्रॉ या टाई होता है तो भारत और न्यूजीलैंड की टीम साझा रूप से विजेता घोषित की जाएंगी। साथ ही यह भी साफ किया गया है कि अतिरिक्त दिन का इस्तेमाल मैच का नतीजा निकालने के लिए नहीं किया जाएगा बल्कि पांच दिन में निर्धारित ओवर अगर किसी स्थिति में पूरे नहीं हो पाते हैं तो रिजर्व डे का इस्तेमाल इसके लिए किया जाएगा।
आईसीसी की ओर से कहा गया है कि मैच रेफरी दोनों ही टीमों को हर रोज इस बात की जानकारी देंगे कि दिन के खेल में कितने समय का नुकसान हुआ, ऐसे में पांचवे दिन के आखिरी घंटे में यह फैसला लिया जाएगा कि रिजर्व डे का इस्तेमाल करना है या नहीं। अहम बात यह है कि फाइनल मुकाबले में टीवी अंपायर इस बात पर नजर रखेंगे कि कोई भी बल्लेबाज शॉर्ट रन नहीं ले, एलबीडब्ल्यू के लिए हाइट मार्जिन को बढ़ा दिया गया है ताकि रेफरल लेते समय इसका लाभ मिले, इसके अलावा आउट होने वाले खिलाड़ी और फील्डिंग टीम के कप्तान से पूछा जाएगा कि क्या बल्लेबाज ने शॉट खेलने की कोशिश की थी या नहीं ताकि जिससे कि रिव्यू का विकल्प लिया जा सके।
बता दें कि भारत ने टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में हार्दिक पांड्या और पृथ्वी शॉ का चयन नहीं किया है। जबकि टीम में रवींद्र जडेजा और हनुमा विहारी को जगह दी गई है। दोनों खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल होने की वजह से टीम से बाहर हुए थे। भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर 2 जून को रवाना होगी। फिलहाल टीम के सभी खिलाड़ी मुंबई के होटल में हैं और जरूरी आइसोलेशन में ट्रेनिंग कर रहे हैं। 2 जून को भारतीय टीम चार्टर विमान से इंग्लैंड के लिए रवाना होगी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
