नई दिल्लीः ICC एलीट पैनल मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड भारत और न्यूजीलैंड के बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल की जिम्मेदारी संभालेंगे। इंग्लैंड की जमीन पर होने जा रहा यह मुकाबला 18 जून से साउथेम्प्टन के एजेस बाउल में शुरू होने वाला है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को मैच के लिए अधिकारियों की घोषणा की। आईसीसी एलीट पैनल के रिचर्ड इलिंगवर्थ और माइकल गॉफ मैदानी अंपायर होंगे। रिचर्ड केटलबोरो, जो एलीट पैनल के सदस्य भी हैं, टीवी अंपायर होंगे जबकि आईसीसी अंतरराष्ट्रीय अंपायरों के पैनल के एलेक्स व्हार्फ चौथे अधिकारी होंगे।
आईसीसी के वरिष्ठ प्रबंधक (अंपायर और रेफरी), एड्रियन ग्रिफिथ ने कहा, "हमें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए मैच अधिकारियों की एक अनुभवी टीम की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है।
"यह महामारी के साथ एक आसान समय नहीं रहा है, लेकिन हम भाग्यशाली हैं कि हमारे पास टॉप के अधिकारियों का एक समूह है जो कई वर्षों से लगातार हैं। हम उन सभी को शुभकामनाएं देते हैं।"
इससे पहले आईसीसी ने इस मुकाबले को लेकर कुछ नियमों में तब्दीली भी की थी जिसमें बारिश के चलते रुकावट पड़ी तो एक रिजर्व डे भी रखा गया है। इसके अलावा अगर मैच का पहला दिन धुल गया तो भी फॉलोऑन के लिए लीड को घटाकर 150 रन नहीं किया जाएगा। हालांकि, अगर दूसरे दिन का खेल भी धुल जाता है, तो फॉलो-ऑन नियम बदल जाएगा, और लीड 150 रन तक कम हो जाएगी।
भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही इंग्लैंड में हैं जहां टीम इंडिया अपने परिवार संग साउथैम्पटन में क्वारेंटीन के साथ-साथ हल्की फुल्की प्रैक्टिस भी कर रही है। आईसीसी ने हाल ही में जारी किए प्यूचर टूर प्रोग्राम के जरिए यह स्पष्ट कर दिया है अब विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप बाकी आईसीसी खिताब की जारी रहेगी। कीवी टीम इस समय इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सक्रिय है लेकिन ये मुकाबले विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप अंक तालिका में नहीं गिने जाएंगे।