
ईशांत शर्मा ने तोड़ा कपिल देव का रिकॉर्ड
तभी भारतीय टीम के सबसे अनुभवी गेंदबाज ईशांत शर्मा ने डाउन लेग की दिशा में गेंद डालकर कॉन्वे को शॉर्ट लेग ऑन पर खड़े मोहम्मद शमी के हाथों कैच कराकर भारत को दूसरी सफलता दिलाने का काम किया। इस विकेट के साथ ही ईशांत शर्मा ने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव के बड़े रिकॉर्ड को तोड़ने का काम किया। इस विकेट से पहले ईशांत शर्मा इंग्लैंड की सरजमीं पर सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में कपिल देव के साथ संयुक्त रूप से टॉप पर काबिज थे, लेकिन कॉन्वे को आउट करते ही वह इस लिस्ट में टॉप पर पहुंच गये हैं।
ईशांत शर्मा ने इंग्लैंड की सरजमीं पर खेले जा रहे अपने 13वें टेस्ट मैच में अब 44 विकेट अपने नाम कर लिये हैं जबकि कपिल देव ने अपने करियर में 43 विकेट हासिल किये थे। ईशांत ने इंग्लैंड में 33.90 की औसत से यह विकेट हासिल करने का काम किया है और इस दौरान उनका बेस्ट प्रदर्शन 74 रन देकर 7 विकेट हासिल करना रहा है।

विदेशी सरजमीं पर 200 टेस्ट विकेट किये पूरे
इतना ही नहीं ईशांत शर्मा ने इस विकेट के साथ विदेशी सरजमीं पर अपने 200 विकेट भी पूरे कर लिये हैं और भारत की ओर से विदेशी सरजमीं पर 200 विकेट हासिल करने वाले चौथे गेंदबाज बन गये हैं। भारत की ओर से विदेशी सरजमीं पर सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अनिल कुंबले (269), कपिल देव (215), जहीर खान (207) और ईशांत शर्मा (200) के नाम है। ईशांत ने इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में डॉन लॉरेंस का विकेट लेकर अपने 300 विकेट पूरे किये थे और ऐसा करने वाले तीसरे तेज गेंदबाज जबकि छठे भारतीय गेंदबाज बने थे।

ऐसा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन सकते हैं ईशांत
आपको बता दें कि अगर ईशांत शर्मा इस मैच में 5 विकेट और हासिल करने में कामयाब हो जाते हैं तो इंग्लैंड की सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में 50 विकेट हासिल करने वाले पहले गेंदबाज बन जायेंगे। दुनिया में किसी देश के गेंदबाज ने अब तक यह कारनामा नहीं किया है। उल्लेखनीय है कि तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक कीवी टीम ने 2 विकेट खोकर 101 रन बना लिये हैं और भारत के मुकाबले अभी भी 116 रन पीछे हैं।


Click it and Unblock the Notifications