IND vs SA, 1st Test: धमाके के साथ अश्विन ने की वापसी, 27वीं बार किया यह कारनामा
नई दिल्ली। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी टेस्ट सीरीज के पहले मैच के तीसरे दिन काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। जहां दूसरे दिन भारतीय गेंदबाजों ने दबदबा दिखाते हुए साउथ अफ्रीका के 3 विकेट झटक लिये थे वहीं बुधवार को अफ्रीकी बल्लेबाजों ने जबरदस्त वापसी की और भारतीय गेंदबाजों को पानी पिला दिया। हालांकि इस बीच आर अश्विन और रविंद्र जडेजा की जोड़ी ने एक बार फिर मैच में वापसी की और दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को वापस पवेलियन भेज मैच में पकड़ मजबूत की। जहां रविंद्र जडेजा ने इस मैच में अपना 200वां टेस्ट विकेट झटका और सबसे कम टेस्ट मैच में 200 विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज बन गए, वहीं आर अश्विन ने अपने टेस्ट करियर में 27वीं बार 5 विकेट झटकने का कारनामा किया।

अनिल कुंबले के नाम है खास रिकॉर्ड
टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा बार 5 विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में आर अश्विन दूसरे नंबर पर काबिज हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर अनिल कुंबले का नाम है जिन्होंने अपने टेस्ट करियर के दौरान 35 बार 5 या उससे ज्यादा विकेट झटकने का कारनामा किया था।

कपिल देव को छोड़ चुके हैं पीछे
वहीं तीसरे नंबर पर पूर्व विश्व विजेता कप्तान और हरफनमौला खिलाड़ी कपिल देव काबिज हैं जिन्होंने 23 बार यह कारनामा किया था। गौरतलब है कि इस साल इंग्लैंड में खेले गए काउंटी चैम्पियनशिप के दौरान आर अश्विन ने 9 बार 5 विकेट झटकने का कारनामा किया था।

सुनिल गावस्कर ने दिया अश्विन का साथ
बता दें कि पिछले काफी समय से आर अश्विन को विदेशी दौरों पर टीम में शामिल नहीं किया जा रहा है जिसको देखते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भारतीय टीम प्रबंधन की आलोचना भी की। गावस्कर के मुताबिक भारत जब भी टेस्ट खेलता है, अश्विन को अंतिम एकादश में जगह मिलनी ही चाहिए।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यहां जारी पहले टेस्ट मैच में कमेंटरी कर रहे गावस्कर ने आधिकारिक प्रसारणकर्ता से कहा, 'अश्विन को टेस्ट टीम में हमेशा जगह मिलनी चाहिए। उनके साथ बीते कुछ सालों में अच्छा बर्ताव नहीं हुआ है। इससे उनके खेल पर भी असर हुआ है। जब आपका साथ देने वाला कोई नहीं होता है तो इसका सीधा असर आपके खेल और मनोबल पर पड़ता है।'

कुछ ऐसे झटके 27वीं बार 5 विकेट
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी टेस्ट मैच में आर अश्विन ने एडिन मकरम को 5 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर पहला विकेट झटका था, जिसके कुछ देर बाद ही उन्होंने थ्यूनिस देब्रून को साहा के हाथों कैच कराकर दूसरी सफलता हासिल की। तीसरे दिन के खेल में लंच तक अश्विन को कोई सफलता नहीं मिली थी लेकिन लंच के बाद वापस आते ही उन्होंने फॉफ डुप्लेसिस (55) को पुजारा के हाथों कैच कराकर अपने नाम तीसरा विकेट किया।
साउथ अफ्रीका के लिए शतक लगाने वाले क्विंटन डिकॉक (111) और वरनैन फिलैंडर को अश्विन ने बोल्ड कर अपने 5 विकेट पूरे किये। दिन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका ने 8 विकेट के नुकसान पर 385 रन बना लिये हैं। वह अभी भी भारत से 117 रन पीछे है।
अश्विन ने अब तक भारत के लिए 66 टेस्ट, 111 वनडे और 46 टी-20 मैच खेले हैं। टेस्ट में अश्विन ने 347, वनडे में 150 और टी-20 में 52 विकेट लिए हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
