कोलकाता। आईपीएल 11 के दूसरे क्वालीफायर में दिनेश कार्तिक की कप्तानी वाली कोलकाता नाइट राइडर्स शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों 13 रनों से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। इस मैच में केकेआर के लिए हैदराबाद का इकलौता खिलाड़ी पूरी टीम पर भारी पड़ा। अफगानिस्तान के मिस्ट्री बॉलर राशिद खान ने गेंद बल्ले और फील्डिंग में कमाल का प्रदर्शन किया। हालांकि राशिद खान की आतिशी पारी से भले ही सब हैरान रह गए हों लेकिन सनराजइर्स हैदराबाद के अनुभवी बल्लेबाज युसूफ पठान ने कहा कि टीम के लिए यह अचरज की बात नहीं थी।
एक समय पर लग रहा था कि सनराइजर्स 150 रन भी नहीं बना सकेंगे लेकिन राशिद ने 10 गेंद में 34 रन बनाकर टीम को सात विकेट पर 174 रन का स्कोर दिया। युसूफ ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'हम उसकी पारी से हैरान नहीं हैं। उन्होंने बिग बैश में कई बार चौके छक्के लगाए हैं। उन्होंने दुनिया में दूसरी लीगों में भी बेहतरीन पारियां खेलीं हैं।'
पठान ने आगे कहा कि, 'उसमें हमेशा से बल्लेबाजी का माद्दा था और इसी वजह से उसे एक स्थान ऊपर भेजा गया। चेन्नई के खिलाफ भी उन्होंने दो छक्के लगाए थे। हमें उसकी क्षमता पर कभी शक नहीं था।'
आपको बता दें कि इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइटराइडर्स के सामने जीत के लिए 175 रन का लक्ष्य रखा। हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। राशिद खान (34*) के साथ भुवनेश्वर कुमार नाबाद 5 रन बनाकर डगआउट लौटे।
जीत के लिए 175 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की पूरी टीम 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 161 रन ही बना पाई। हैदराबाद ने ये मुकाबला 13 रनों से अपने नाम कर लिया। इसी के साथ केकेआर का सफर खत्म हो गया है। अब रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले फाइनल मुकाबले में हैदराबाद का सामना चेन्नई सुपरकिंग्स से होगा।