-Staff
इंदौर, 17 नवंबर: इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही एकदिवसीय सीरीज में राजकोट के बाद इंदौर में दर्ज की गई दूसरी जीत में भी टीम इंडिया के ऑलराउंडर युवराज सिंह बादशाह बने। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 54 रन की जीत दर्ज की।
युवराज सिंह ने पहले धुआंधार पारी खेलते हुए शतक जड़ा और फिर गेंदबाजी में महारथ दिखाते हुए इंग्लैंड के चार विके चटकाये। भारत द्वारा दिये गये 293 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 47 ओवर में 238 रन बनाकर सिमट गई।
टीम के ओआसिस शाह ने सर्वाधिक 58 रन बनाये। बाकी के बल्लेबाज पचास के आंकड़े को छू तक नहीं सके। भारत के स्टार खिलाड़ी युवराज सिंह ने गेंदबाजी में हुनर दिखाते हुए मैट प्रियर और केविन पीटरसन को बोल्ड आउट किया।
जबकि ओआसिस शाह और एंड्रयू फ्लिंटाफ को एलबीडब्लू आउट किया। युवराज सिंह ने चार विकेट झटके। वहीं वीरेंद्र सहवाग अपने बल्ले से कमाल नहीं दिखा पाये तो फिरकी चलाते हुए इंग्लैंड के तीन विकेट झटके। इसके अलावा यूसुफ पठान और हरभजन सिंह ने एक-एक विकेट लिया।
इससे पहले युवराज सिंह के बल्ले से 122 गेंदों पर 118 रन निकले, जिनमें पंद्रह चौके और दो छक्के शामिल हैं। एस ब्रॉड की गेंद पर एम प्रियर ने युवराज का कैच पकड़ा।
भारत की ओर से एक और शानदार पारी खेलने वाले सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर रहे। गंभीर ने 76 गेंदों पर 70 रन ठोके, जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल है। यही नहीं भारत को मजबूती देने वालों में युसूफ पठान का अर्द्धशतक भी शामिल है। यूसुफ ने 29 गेंदों पर पचास रन ठोके।
यूसुफ ने दो चौके और चार छक्के जड़ते हुए भारत का स्कोर पचास ओवर में 9 विकेट पर 292 रन पहुंचाया। इसी के साथ भारत ने इंग्लैंड के समक्ष जीतने के लिए 293 रनों का लक्ष्य रखा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही भारतीय टीम ने जब मात्र 29 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। उस समय ऐसा लग रहा था कि खराब शुरुआत भारत के लिए मुसीबत का सबब बन सकती है, लेकिन युवराज सिंह ने गंभीर के साथ मिलकर भारतीय पारी को सस्ते में सिमटने से बचा लिया।
भारत की ओर से वीरेंद्र सहवाग (1), सुरेश रैना (4), रोहित शर्मा (3) और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (15) ने निराश किया। राजकोट में खेले गए पहले मुकाबले में रन लुटाने वाले इंग्लैंड के गेंदबाजों ने इंदौर में अच्छी गेंदबाजी की। स्टुअर्ट ब्रॉड सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने 55 रन देकर चार विकेट लिए। जबकि एस हरमिसन, कॉलिंगवुड और पीटरसन ने एक-एक विकेट झटका।
MyKhel से प्राप्त करें ब्रेकिंग न्यूज अलर्ट.
Allow Notifications
You have already subscribed
Story first published: Monday, November 17, 2008, 16:44 [IST]
Other articles published on
Nov 17, 2008