नई दिल्ली। भारत के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की प्रेम-कहानी अब किसी से छुपे नहीं हैं। दोनों ही सितारे अब खुलकर अपनी बातें लोगों से शेयर करते हैं। इसलिए अब टीम इंडिया के खिलाड़ी और कमेंट्री करने वाले लोग भी विराट को अनुष्का का नाम लेकर काफी छेड़ते हैं।
जिसका ताजा उदाहरण है युवराज सिंह का वो कमेंट जो कि उन्होंने अनुष्का शर्मा की आने वाली फिल्म बाम्बे वेलवेट को देखकर किया है। युवराज ने अनुष्का शर्मा के एक फोटो पर फेसबुक पर भाभी लिखकर संबोधित किया है। उन्होंने अनुष्का द्वारा शेयर की गई फोटो पर कमेंट किया, "Oye hoye Rosie bhabhie ! Looking awesome (ओए होए रोजी भाभी! खूबसूरत लग रही हो)।"
इससे पहले भी जब लोगों ने विश्वकप के सेमीफाइनल में विराट के फ्लॉप होने के लिए अनुष्का शर्मा को जिम्मेदार ठहराया था तब भी युवराज सिंह ने विराट-अनुष्का के रिश्ते का बचाव करते हुए लोगों से गुजारिंश की थी कि वो किसी भी बात के लिए अनुष्का को जिम्मेदार ना ठहरायें।
मालूम हो कि बाम्बे वेलवेट..15 मई को रिलीज होने जा रही है। फिल्म में रणबीर कपूर और करण जौहर भी है। फिल्म अनुराग कश्यप की है। फिल्म के गाने इन दिनों टीवी और रेडियो पर धूम मचा रहे हैं।