मेलबर्न, 28 मई (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज के खिलाफ एंटीगुआ में होने वाले दूसरे टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन टीम में लौट सकते हैं। पहले टेस्ट में वह एड़ी की चोट के कारण नहीं खेल सके थे।
पहले टेस्ट में टीम ऑस्ट्रेलिया को हेडन की कमी काफी महसूस हुई थी। उनके स्थान पर खेले फिल जैक्स और साइमन कैटिच कुछ खास नहीं कर पाए थे।
वापसी की तैयारी कर रहे हेडन ने अभ्यास सत्र में भाग लिया। उन्होंने बल्लेबाजी के साथ विकेटों के बीच दौड़ने का भी अभ्यास किया। टीम के फिजियोथेरेपिस्ट एलेक्स कोन्टोरिस की देख-रेख में अभ्यास सत्र के बाद हेडन लगभग दुरुस्त दिखाई दिए।
कप्तान रिकी पोंटिंग का कहना है, "पिछले कुछ दिनों में हेडन की चोट में काफी सुधार हुआ है। अभी तक दर्द पूरी तरह गया नहीं, लेकिन हमें पूरी उम्मीद है कि वह खेल सकेंगे।"
यदि हेडन दूसरा टेस्ट खेलते हैं तो कैटिच और ब्रैड हॉग को बाहर बैठना पड़ेगा क्योंकि माइकल क्लार्क भी वेस्टइंडीज पहुंच चुके हैं और अभ्यास के दौरान वह अच्छी फॉर्म में नजर आए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।