कुंबले की जगह ले सकते हैं अमित: मिलर
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर: आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिन गेंदबाज कोलिन मिलर का मानना है कि भारत को अमित मिश्र के रूप में अनिल कुंबले का उत्तराधिकारी मिल गया है।
भारत और आस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन मैच का लुत्फ उठा रहे मिलर ने बातचीत के दौरान कहा, "मेरी समझ से अमित काफी लंबे समय तक भारतीय टीम में बने रहेंगे। मुझे लगता है कि भारत को दुनिया के सफलतम गेंदबाजों में एक कुंबले का उत्तराधिकारी मिल गया है।"
मिलर हरफनमौला गेंदबाज रहे हैं। वे स्पिन के साथ-साथ मध्यम गति की गेंदबाजी भी कर लेते थे। आस्ट्रेलिया के लिए 18 टेस्ट मैचों में 69 विकेट लेने वाले मिलर को बार-बार अपने बालों का रंग बदलने के लिए जाना जाता है।
अमेरिका में रहने वाले 44 वर्षीय मिलर ने कहा कि हवा में अमित की गेंदें थोड़ी धीमी रहती हैं लेकिन कुंबले से सीखकर वे अपनी यह कमी दूर कर सकते हैं। बकौल मिलर, "अमित ने टेस्ट करियर का शानदार आगाज किया। उनकी गेंदें उछाल लेती हैं लेकिन हवा में उसकी रफ्तार थोड़ी कम होती है।
लेग स्पिनर के लिए यह एक जरूरी हथियार है। साथ ही अमित को अपनी गेंदों में विविधता लानी होगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications