नई दिल्ली। राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू(आरसीबी) ने आईपीएल सीजन-13 के 15वें मुकाबले में राजस्थान राॅयल्स को महज 154 रनों पर रोक दिया। राजस्थान के कप्तान स्टीव स्मिथ ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया, लेकिन आरसीबी के गेंदबाजों ने उनके इस फैसले को गलत साबित कर दिया। स्पिनर युजवेंद्र चहल ने 4 ओवर में मात्र 24 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। इसी के साथ उन्होंने पर्पल कैप पर कब्जा किया, लेकिन बावजूद इसके चहल का मानना है कि उन्हें पर्पल कैप नहीं बल्कि ट्राॅफी उठाने का इंतजार है।
शानदार गेंदबाजी करने के बाद चहल ने कहा, ''मैं पर्पल कैप को लेकर चिंतित नहीं हूं, बल्कि हमारी पूरी टीम सिर्फ आरसीबी के लिए ट्रॉफी जीतने पर फोकस कर रही है। एक छोर पर एक बाउंड्री थोड़ी छोटी है, इसलिए उस तरफ से गेंदबाजी करना कठिन रहता है। हमें शुरुआत में एक अच्छी साझेदारी की जरूरत है।'' बता दें कि चहल 4 मैचों में 8 विकेट दर्ज कर चुके हैं। उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी से पर्पल कैप छीनी है। शमी के नाम भी 4 मैचों में 8 विकेट दर्ज हैं।
इसके अलावा चहल ने यह भी बताया कि उनकी टीम ने जो लक्ष्य हासिल होने की उम्मीद रखी थी, उससे कम हासिल हुआ। उन्होंने कहा, ''हमने सोचा था कि वह 170 तक का स्कोर खड़ा करेंगे लेकिन उन्हें 155 तक रोक देना अच्छा है। जिस तरह से गेंद मेरे हाथ से निकल रही है उससे मैं बहुत खुश हूं। जब मैं तीसरे ओवर में गेंदबाजी करने आया, तो मुझे महसूस हुआ कि यह एक धीमा विकेट है और मैं गुगली पर ज्यादा नहीं गया। मैंने महसूस किया कि मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुछ कम कर रहा हूं, इसलिए मैं इस पर काम कर रहा हूं।''