IPL 2019, DC vs KXIP: लगातार चार हार के बाद आखिर दिल्ली को कोटला में मिली जीत
नई दिल्ली। आखिरकार आसान मैचों को मुश्किल बनाने की आदत के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स को कोटला में जीत नसीब हो ही गई। लगातार चार हार के बाद DC ने कोटला का तिलिस्म तोड़ते हुए किंग्स इलेवन पंजाब को 5 विकेट से हरा दिया। बढ़िया गेंदबाजी के अलावा दिल्ली की इस जीत के हीरो रहे शिखर धवन और श्रेयस अय्यर। दोनों ही बल्लेबाजों ने 164 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अपने-अपने अर्धशतक जमाए। धवन ने 56 रन बनाए तो अय्यर 58 बनाकर नाबाद रहे।
इसके अलावा पृथ्वी शॉ (13) और ऋषभ पंत (6) ने एक बार फिर बुरी तरह निराश किया। इन दोनों बल्लेबाजों का विकेट हार्दुस विलजोइन ने लिया। दिल्ली की ओर से कोलिन इंग्राम ने 19 रनों का अच्छा योगदान दिया। उनको मोहम्मद शमी ने बोल्ड किया लेकिन उसके तुरंत बाद अक्षर पटेल आउट हो गए। दिल्ली ने अंतिम ओवरों में काफी संघर्षपूर्ण तरीके से एक-एक रन बनाकर मैच जीता।
इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर किंग्स इलेवन को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। जवाब में यूनिवर्सल बॉस क्रिस गेल ने एक बार फिर दिखाया कि पिच चाहे धीमी हो या तेज, उनको मतलब केवल छक्कों और चौकों से है।
लोकेश राहुल (12) के सस्ते में आउट होने के बाद मयंक अग्रवाल (2) और डेविड मिलन (7) के जल्द विकेट गिरने से पंजाब की पारी डगमगाती दिखाई नहीं दी तो इसकी वजह गेल ही थे। एक तरफ विकेट गिरते रहे और दूसरी तरफ गेल बिंदास अपना खेल खेलते रहे।
गेल ने 37 गेंदों पर 69 रनों की शानदार पारी में 5 छक्के और 6 चौके लगाए। उनके अलावा मनदीप सिंह ने 30 रनों का और हरप्रीत बरार ने 20 रनों का योगदान दिया। दिल्ली की ओर से लमिछाने ने प्रभावित करते हुए 3 विकेट लिए। जबकि रबादा एक बार से क्लास साबित हुए। उन्होंने किफायती गेंदबाजी के साथ 2 विकेट भी लिए। इसके अलावा अक्षर पटेल को भी 2 विकेट मिले।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
