आईपीएल-राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस का मैच रद्द, नाइट राइर्ड्स ने किंग्स इलेवन हराया (राउंडअप)
मंगलवार को खेले जाने वाले इस दूसरे मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार रात आठ बजे होनी थी। लगातार वर्षा के चलते अम्पायरों ने दो बार मैदान का मुआयना किया और मैच विलम्ब से शुरू होने की घोषणा की। लेकिन अन्तत: वर्षा न थमने की स्थिति में मैच को रद्द करने की घोषणा करनी पड़ी। दोनों टीमों के कप्तान टॉस करने भी मैदान पर नहीं आ सके।
मैच रद्द होने की स्थिति में आईपीएल के नियमों के मुताबिक दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया गया है। एक अंक मिलने के साथ ही मुंबई इंडियंस के तीन अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में अब शीर्ष पर पहुंच गया है, जबकि राजस्थान रॉयल्स ने एक अंक के साथ अपना खाता खोल लिया है।
राजस्थान रॉयल्स टीम शनिवार को खेला गया अपना पहला मैच हार चुकी है। उसे रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने हराया था जबकि मुंबई इंडियंस ने अपने पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर शानदार शुरुआत की थी।
इस मैदान पर मंगलवार को दिन में कोलकाता नाइट राइर्ड्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच खेले गए मैच का नतीजा डकवर्थ-लुइस नियम के आधार पर निकाला गया। बारिश के कारण यह मैच पूरा नहीं हो सका। मैच के दौरान दो बार बारिश के कारण बाधा पड़ी थी।
बारिश ने किंग्स इलेवन पंजाब को एक बार फिर दगा दिया। इससे पहले रविवार को पहले मुकाबले में उसे दिल्ली डेयर डेविल्स के खिलाफ बारिश के कारण ही हार मिली थी और अब मंगलवार को कोलकाता नाइट राइर्ड्स के खिलाफ हुए मुकाबले में भी उसे बारिश के कारण हार का सामना करना पड़ा।
स्थानीय किंग्समीड स्टेडिमय में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दूसरे संस्करण के छठे मुकाबले में किंग्स इलेवन को नाइट राइर्ड्स से 11 रनों की शिकस्त मिली। बारिश के कारण मैच का फैसला डकवर्थ-लुइस नियम के आधार पर हुआ।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए किंग्स इलेवन ने नाइट राइर्ड्स के सामने 159 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा, लेकिन नाइट राइर्ड्स की पारी के 10वें ओवर के दौरान बारिश आ गई। उस समय तक नाइट राइर्ड्स ने 9.2 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 79 रन बनाए थे।
लगातार बारिश के कारण इसके बाद एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। खेल रोके जाने तक नाइट राइर्ड्स ने किंग्स इलेवन पर 11 रनों की बढ़त बना रखी थी और अंतत: रनों का यही अंतर उसकी जीत का कारण बना।
इससे पहले, किंग्स इलेवन पंजाब द्वारा दिए गए 159 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाइट राइर्ड्स ने 9.2 ओवर के खेल के दौरान अपने कप्तान ब्रेंडन मैक्लम (21) का विकेट गंवाकर 79 रन बनाए।
खेल रोके जाने तक क्रिस गेल 26 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 44 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि ब्रैड हॉज 14 गेंदों पर 10 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे। नाइट राइर्ड्स को जीत के लिए 10.4 ओवरों में 7.50 के औसत से 80 रन बनाने की जरूरत थी।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी किंग्स इलेवन पंजाब टीम ने एक समय 48 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन कप्तान युवराज सिंह, कुमार संगकारा, इरफान पठान और माहेला जयवर्धने की जुझारू पारियों की मदद से वह निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाने में सफल रही।
पठान ने 17 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 32 रन बनाए जबकि संगकारा ने 24 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 26 रनों की नपी-तुली पारी खेली। 28 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाने वाले कप्तान युवराज सिंह के साथ संगकारा ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी निभाकर अपनी टीम को मुश्किल से उबारने का काम किया।
इसके बाद जयवर्धने ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए 19 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 31 रनों का योगदान दिया। अपनी पारी के पहले 10 ओवरों में 67 रन जुटाने वाली किंग्स इलेवन टीम ने अंतिम 10 ओवरों में 91 रन जुटाए।
कोलकाता की टीम की ओर से सौरव गांगुली ने सर्वाधिक दो विकेट लिए। गांगुली ने अपने पहले ही ओवर में पठान और रबि बोपारा (15) को चलता कर किंग्स इलेवन की कमर तोड़ दी। ईशांत शर्मा ने अपने चार ओवरों में किफायती गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर करण गोयल (0) का विकेट झटका।
नाइट राइर्ड्स की टीम रविवार को अपना पहला मैच हार गई थी। उसे डेक्कन चार्जर्स ने हराया था जबकि किंग्स इलेवन को भी रविवार को ही डेयर डेविल्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। उस मैच का फैसला भी डकवर्थ-लुइस नियम के आधार पर हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications