फीफा विश्व कप : क्लोज के लिए कठिन समय
बर्लिन। जर्मनी की राष्ट्रीय फुटबाल टीम के स्टार स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोज को 11 जून से शुरू हो रहे फीफा विश्व कप-2010 में अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए अपने खेल में व्यापक सुधार लाना होगा।
जर्मन टीम के कोच जोएकिम लो भी मानते हैं कि क्लोज को अपनी प्रतिष्ठा के साथ न्याय करने के लिए खेल में सुधार करना होगा क्योंकि बीते सत्र में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। लो ने कहा, "क्लोज अच्छे फार्म में नहीं हैं। हमारे लिए यह अच्छी बात नहीं है। हमारी टीम काफी हद तक उन पर आश्रित है और इन अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए क्लोज को काफी मेहनत करनी होगी।"
31 वर्षीय क्लोज ने जर्मनी के लिए 95 मैचों में 48 गोल किए हैं लेकिन बीते सत्र में वह अपने क्लब बेयर्न म्यूनिख के लिए अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। इसके अलावा विश्व कप से पहले जारी अभ्यास मैचों में भी क्लोज कई नए खिलाड़ियों की तुलना में कमतर नजर आए।
लो मानते हैं कि क्लोज को आलोचना सुनने की आदत नहीं है और यही कारण है कि जब-जब उनकी आलोचना हुई है, उन्होंने अपने खेल में सुधार किया है। बकौल लो, "क्लोज पिछले पांच विश्व कप मैचों में पांच गोल कर चुके हैं। मैं जानता हूं कि वह हमारे मैच विनर हैं। उन्हें आलोचना सुनने की आदत नहीं और यही कारण है कि हम उनसे पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन की आस लगाए हुए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications