विएना। यूरो-2008 का खिताब जीतने वाली स्पेन की राष्ट्रीय फुटबाल टीम के स्ट्राइकर जावी हेरनांदेज अपनी टीम को फीफा विश्व कप-2010 के लिए खिताब का दावेदार मानते हैं। स्पेन के अग्रणी फुटबाल क्लब बार्सिलोना के लिए खेलने वाले जावी ने कहा, "हम खिताब की दौड़ में हैं लेकिन हमारी टीम सबकी पसंदीदा नहीं है। हम खिताब की उम्मीद लगाए हुए हैं लेकिन साथ ही हम काफी सावधान हैं।"
स्पेन की टीम 11 जून से दक्षिण अफ्रीका में खेले जाने वाले विश्व कप के लिए इन दिनों आस्ट्रिया के शहर शरंश में अभ्यास कर रही है। उसे ग्रुप-ए में होंडूरास, चिली और स्विट्जरलैंड के साथ रखा गया है।
जावी मानते हैं कि स्पेन के अलावा फ्रांस, ब्राजील, अर्जेटीना, इटली और जर्मनी की टीमें खिताबी दौड़ में शामिल हैं। उनके मुताबिक इसके अलावा सर्बिया और हॉलैंड की टीमें चौंकाने वाला प्रदर्शन कर सकती हैं।