वेलिंग्टन। फीफा विश्व कप-2010 में अपनी दावेदारी पेश करने के लिए तैयार न्यूजीलैंड फुटबाल टीम के कोच रिकी हेटबेर्ट ने हाल ही में सर्बिया के खिलाफ दोस्ताना मैच में मिली जीत को अपनी राष्ट्रीय टीम की अब तक की सबसे बड़ी सफलता करार दिया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक सर्बिया को विश्व वरीयता क्रम में 10वां स्थान हासिल है जबकि न्यूजीलैंड 78वीं वरीय टीम है। सर्बिया पर 1-0 से मिली इस जीत को लेकर हेटबेर्ट ने कहा, "यह शानदार परिणाम है। यह हमारे फुटबाल इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी जीत है।"
गौर करने वाली बात यह है कि विशेषज्ञों द्वारा कमतर आंकी जा रही किवी टीम ने सर्बिया की उस टीम को हराया है, जिसमें खेलने वाले खिलाड़ी मैनचेस्टर युनाइटेड, चेल्सी, लिवरपूल और एदाक्स क्लबों के लिए पेशेवर फुटबाल खेलते हैं।
एक तरह जहां न्यूजीलैंड के खेमे में उस जीत को लेकर खुशी है वहीं सर्बियाई प्रशंसक कप्तान नेमांजा विदिक की टीम के प्रदर्शन से बेहद नाराज हैं। मैच के दिन प्रशंसकों ने मैदान में ही आग जलाकर और बोलते फेंककर अपना विरोध जताना शुरू कर दिया था।