जोहांसबर्ग। फुटबाल की सर्वोच्च संस्था-फीफा के अध्यक्ष जोसफ ब्लैटर ने बुधवार को कहा कि फीफा विश्व कप-2010 के उद्घाटन और खिताबी मुकाबलों के लिए विशेष तौर पर तैयार किया गया सॉकर सिटी स्टेडियम अद्वितीय और अनुपम है।
बुधवार को इस स्टेडिमय को आधिकारिक तौर पर विश्व कप आयोजकों के हवाले करने के अवसर पर आयोजित समारोह के दौरान ब्लैटर ने इसे अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एक पांच सितारा स्टेडियम करार दिया।
इस अवसर पर ब्लैटर के साथ कनफेडरेशन ऑफ अफ्रीकन फुटबाल (सीएएफ) के अध्यक्ष इस्सा हायातू, स्थानीय आयोजन समिति के अध्यक्ष इर्विन कोझा, ग्वेटेंग प्रांत के राजदूत नोम्बुला मोकोयांके, जोहांसबर्ग शहर की मेयर एमोस मासोन्डो और दक्षिण अफ्रीकी खेल मंत्री माकहेनकेसी स्टोफाइल मौजूद थे।
ब्लैटर ने अपने संबोधन में कहा, "यह एक पांच सितारा स्टेडियम है। इस स्टेडियम को मैचों के लिए दर्शकों तथा आयोजकों के हवाले करना फीफा के लिए गर्व का विषय है। मैं इसकी संरचना को लेकर खुश हूं। यह शानदार, अद्वितीय और अद्भुत है।"
सॉकर सिटी स्टेडियम का निर्माण मूल रूप से 1987 में किया गया था। विश्व कप के लिए इस स्टेडिमय में पुनर्निमाण कार्य हुआ। 2009 में यहां होने वाला निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया था। इसके बाद इस स्टेडियम की क्षमता बढ़कर 88460 हो गई।
शहर के बीचो-बीच स्थित इस स्टेडियम में कुल 184 सूइट हैं। अधिकारियों का दावा है कि अब इसकी क्षमता बढ़कर 95 हजार हो चुकी है। यहां विश्व कप के लिए नए चेंजिंग रूम, घुमावदार छत और नए फ्लडलाइट लगाए गए हैं। यहां 11 जून से 11 जुलाई के बीच उद्घाटन और फाइनल सहित कुल 11 मैच खेले जाने हैं।