जोहांसबर्ग। फुटबाल विश्व कप की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए इस खेल की सर्वोच्च संस्था-फीफा ने बधिरों के लिए भी फीफा विश्व कप-2010 के वीडियो फुटेज जारी करने का फैसला किया है। ये वीडियो फुटेज बधिरों के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्य संकेतों से सुजज्जित होंगे।
फीफा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि उसने उद्घाटन और फाइनल सहित सभी 64 मैचों के वीडियो फुटेज जारी करने का फैसला किया है। इन्हें फीफा की आधिकारिक वेबसाइट-फीफा डॉट कॉम पर जारी किया जाएगा। यह पहला मौका है, जब फीफा ने बधिर फुटबाल प्रेमियों को ध्यान में रखकर खास संकेतों वाले वीडियो जारी करने का फैसला किया है।
फीफा का कहना है कि वीडियो में दिए गए उसके संकेत विश्व बधिर महासंघ (डब्ल्यूएफडी) द्वारा मान्य होंगे। फीफा द्वारा जारी संकेत बिल्कुल वैसे ही होंगे, जैसे डीफलम्पिक्स (बधिरों के लिए आयोजित होने वाला ओलंपिक) के दौरान उपयोग में लाए जाते हैं।
डब्ल्यूएफडी ने फीफा के इस कदम का स्वागत किया है। उसके मुताबिक दुनिया भर में अभी सात करोड़ से अधिक बधिर हैं और उनमें से बड़ी संख्या में फुटबाल के प्रशंसक हैं।