लंदन। अमेरिका, घाना, स्लोवाकिया और फीफा विश्व कप-2010 के मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को खेले गए अपने-अपने अभ्यास मैच जीत लिए। समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक अमेरिका ने जहां एडसन बडल के दो गोलों की मदद से आस्ट्रेलिया को 3-1 से पराजित किया वहीं स्लोवाकिया ने कोस्टा रिका को 3-0 से हराया।
इसी तरह मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने लगातार 12 मैचों में अजेय रहते हुए डेनमार्क को 1-0 से पराजित किया। मेजबान टीम के लिए कैटलेगो फेला ने 76वें मिनट में एकमात्र गोल किया। इंग्लैंड में खेले गए दोस्ताना मुकाबले में अफ्रीकी देश घाना ने भी जीत दर्ज की। घाना ने क्वेंसी ओसेयु के गोल की मदद से लातविया को 1-0 से पराजित किया। ओसेयु ने यह गोल 88वें मिनट में किया।
फीफा विश्व कप का आयोजन 11 जून से 11 जुलाई के बीच दक्षिण अफ्रीका में होना है। इसके अंतर्गत कुल 64 मैच खेले जाने हैं। इन मैचों का आयोजन नौ शहरों के 10 आयोजन स्थलों पर होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।