लंदन। दक्षिण अफ्रीका में 11 जून से शुरू हो रहे फीफा विश्व कप-2010 के लिए दुनिया भर के सट्टा बाजार में लगभग तीन अरब पाउंड का दांव लगा है। समाचार पत्र 'द डेली स्टार' के मुताबिक यह राशि इतनी बड़ी है कि इससे कई देशों की अर्थव्यवस्था में निखार आ सकता है और कई छोटे देश वैश्विक मंदी की मार से उबर सकते हैं। पत्र लिखता है कि किसी भी खेल आयोजन में इससे पहले इतनी बड़ी राशि दांव पर नहीं लगाई गई।
दुनिया भर के कई देशों में सट्टेबाजी वैध है और यही कारण है कि विश्व कप पर इतनी बड़ी राशि दांव पर लगाई गई है। इसमें हालांकि गैरकानूनी रूप से लगाई गई राशि भी शामिल है।
देखें- फीफा विश्वकप पर विशेष पृष्ठ
लंदन स्थित ग्लोबल बेटिंग एंड गैम्बलिंग कल्सल्टेंट कंपनी के प्रवक्ता लोरियन पीलिंग कहते हैं कि इस बार इतना बड़ा दांव इसलिए भी लगा है कि क्योंकि सभी प्रमुख देश विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने में सफल रहे हैं।
विश्व कप का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में 11 जून से 11 जुलाई तक हो रहा है और इसमें कुल 32 टीमें शिरकत कर रही हैं। विश्व कप के अंतर्गत कुल 64 मैच खेले जाने हैं और इनका आयोजन नौ शहरों में स्थित 10 स्टेडियमों में होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।